लुधियाना में मानसून से निपटने के लिए बना ‘मानसून वॉर रूम’, 1700 सीसीटीवी कैमरों से होगी 24 घंटे निगरानी

लुधियाना, 02 जुलाई (वार्ता) मानसून के दौरान जलभराव और अन्य नागरिक समस्याओं से त्वरित निपटने के लिए लुधियाना नगर निगम ने अत्याधुनिक तकनीक से लैस ‘मानसून वॉर रूम’ स्थापित किया है।

पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने गुरुवार को नगर निगम के जोन-डी स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी), सराभा नगर में इस सुविधा का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दाैरान बताया कि यह वॉर रूम शहरभर में लगाये गये 1,700 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी करेगा। बाढ़ संभावित चौराहों, निचले इलाकों और संवेदनशील नालों की लाइव एचडी फुटेज वीडियो वॉल पर दिखायी जाएगी, जिससे जलभराव की स्थिति का कुछ ही सेकंड में पता लगाकर राहत टीमों को तुरंत मौके पर भेजा जा सकेगा। इससे प्रतिक्रिया समय घंटों से घटकर कुछ मिनट रह जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही मानसून के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया जाएगा। नागरिक इस हेल्पलाइन पर जलभराव, बंद नालियों या ओवरफ्लो हो रहे नालों की शिकायत दर्ज करा सकेंगे। हर शिकायत को तुरंत वॉर रूम में दर्ज किया जाएगा, जियो-टैग कर निकटतम फील्ड टीम को भेजा जाएगा और समस्या के समाधान तक उसकी निगरानी की जाएगी।

निरीक्षण के बाद नगर निगम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में श्री बैंस ने मानसून के दौरान किसी भी तरह की नागरिक परेशानी रोकने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने बुद्धा दरिया और मुख्य सीवर लाइनों की समय पर सफाई, सभी मैनहोल ढकने, सड़क किनारे नालियों की सफाई तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिये।

श्री बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार मानसून के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘मिशन क्लीन पंजाब’ केवल नारा नहीं, बल्कि सरकार का क्रियान्वित अभियान है। उन्होंने चेतावनी दी कि नालों की सफाई या आपातकालीन प्रतिक्रिया में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में लुधियाना की मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर, नगर निगम आयुक्त ओजस्वी अलंकार, वरिष्ठ डिप्टी मेयर राकेश प्रशार, डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर, संयुक्त आयुक्त तपन भनोट और सहायक आयुक्त जसदेव सेखों सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

नगर निगम आयुक्त ओजस्वी अलंकार ने मंत्री को बताया कि कमांड सेंटर पूरी तरह से संचालन के लिए तैयार है और मानसून से निपटने के लिए नगर निगम की सभी टीमें हाई अलर्ट पर हैं।

 

Next Post

जल गंगा संवर्धन अभियान: कानाखेड़ा की प्राचीन बावड़ी पर मनाया गया बावड़ी उत्सव

Thu Jul 2 , 2026
नीमच। मध्यप्रदेश शासन के जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ग्राम कानाखेड़ा स्थित राममोहला प्राचीन बावड़ी परिसर में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में बावड़ी उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण एवं परंपरागत जल स्रोतों के संवर्धन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के […]

You May Like