अमेरिका-जापान समझौते से शेयर बाजारों में लौटी तेजी, निफ्टी 21,200 के पार

मुंबई, 23 जुलाई (वार्ता) अमेरिका और जापान के बीच हुये व्यापार समझौते से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी लौट आयी और प्रमुख सूचकांक लगभग दो सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गये।
बीएसई का सेंसेक्स 539.83 अंक की मजबूती के साथ 82,726.64 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 159 अंक की बढ़त में 25,219.90 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों सूचकांकों का 10 जुलाई के बाद का उच्चतम स्तर है।
अमेरिका-जापान के बीच आयात शुल्क और निवेश संबंधी व्यापार समझौते के बाद आज एशियाई और यूरोपीय बाजार हरे निशान में रहे। जापान का निक्केई 3.51 प्रतिशत की जबरदस्त तेजी के साथ बंद हुआ। हांगकांग का हैंगसेंग 1.62 प्रतिशत मजबूत हुआ।हालांकि चीन का शंघाई कंपोजिट लगभग सपाट रहा।
यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में ब्रिटेन का एफटीएसई और जर्मनी का डैक्स क्रमशः 0.54 फीसदी और 0.84 फीसदी ऊपर बने हुये थे। इससे पहले मंगलवार को अमेरिका शेयर बाजारों में भी लिवाली देखी गयी थी।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जापान पर 15 प्रतिशत आयात शुल्क लगाने की घोषणा की है। पहले उन्होंने 25 प्रतिशत आयात शुल्क लगाने की बात कही थी। मंगलवार को हुये समझौते के तहत जापान अमेरिका में 550 अरब डॉलर का निवेश करेगा।
एलकेपी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञ रूपक डे ने बताया कि अमेरिका-जापान समझौते से निवेशकों की धारणा सकारात्मक बनी हुई है और अल्पावधि में ऐसा ही बना रहेगा। निफ्टी ऊपर 25,500 अंक तक जा सकता जबकि नीचे 24,900 अंक पर इसे समर्थन मिलेगा।
सकारात्मक वैश्विक रुझानों से उत्साहित निवेशकों की लिवाली से सेंसेक्स 265 अंक चढ़कर 82,451.87 अंक पर खुला और पूरे दिन मजबूत बना रहा। इसका दिन का निचला स्तर 82,279.73 अंक और उच्चतम स्तर 82,786.43 अंक रहा।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 22 के शेयर हरे निशान में रहे। टाटा मोटर्स में सर्वाधिक 2.51 फीसदी की तेजी रही। भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, मारुति सुजुकी और बजाज फिनसर्व के शेयर भी एक से दो प्रतिशत के बीच चढ़े। सेंसेक्स में हिंदुस्तान यूनिलिवर का शेयर सबसे ज्यादा 1.19 फीसदी टूट गया।
निफ्टी-50 की शुरुआत 78.45 अंक की तेजी में 25,139.35 अंक से हुई। यह नीचे 25,085.50 अंक और ऊपर 25,233.50 अंक को छुने के बाद अंत में 0.63 फीसदी की तेजी में बंद हुआ। चौतरफा लिवाली के बीच मझौली और छोटी कंपनियों में भी उछाल देखा गया।
एनएसई के ज्यादा शेयरों पर आधारित सूचकांकों में निफ्टी-100 में 0.55 प्रतिशत, निफ्टी मिडकैप-50 में 0.44 और निफ्टी स्मॉलकैप-100 में 0.34 फीसदी की तेजी रही।
एनएसई में रियलिटी, एफएमसीजी और मीडिया को छो़ड़कर अन्य सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में बंद हुये। ऑटो सूचकांक 0.85 प्रतिशत, स्वास्थ्य सेवाओं का 0.84 प्रतिशत और वित्तीय सेवाओं का सूचकांक 0.76 प्रतिशत मजबूत हुआ।

Next Post

लंच तक बिना विकेट गंवाये 78 रन बनाकर भारत ने की ठोस शुरुआत

Wed Jul 23 , 2025
मैनचेस्टर, 23 जुलाई (वार्ता) केएल राहुल (नाबाद 40) और यशस्वी जायसवाल (नाबाद 36) की सलामी जोड़ी की धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी की बदौलत चौथे टेस्ट मैच के पहले दिन भारत ने बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ लंच तक बिना कोई विकेट गंवाये 78 रन बनाकर ठोस शुरुआत की। आज यहां इंग्लैंड के […]

You May Like