गुना के बूढ़े बालाजी में दूषित पानी का कहर, कई बच्चे बीमार, जिला अस्पताल में भर्ती

गुना। नगरपालिका गुना क्षेत्र के बूढ़े बालाजी और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दूषित पानी की सप्लाई के कारण पिछले 15 दिनों से लोग बीमार हो रहे हैं। अब दूषित पानी पीने से 3 से 12 साल के करीब 10 से 12 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों ने पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, कुछ बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, लेकिन डॉक्टरों ने भी दूषित पानी के कारण ही उल्टी-दस्त होने की आशंका जताई है।

इलाके में लगातार पैर पसारती बीमारी के कारण स्थानीय निवासियों में भारी चिंता और आक्रोश है। लोगों को डर सता रहा है कि कहीं यहां भी इंदौर के भागीरथपुरा जैसा गंभीर और जानलेवा हादसा न हो जाए। बताया जा रहा है कि कई प्रभावित परिवारों ने सरकारी अस्पताल के अलावा स्थानीय निजी क्लीनिकों पर भी बच्चों का इलाज कराया है। क्षेत्र के अधिकांश घरों में पेयजल की सप्लाई मुख्य टंकियों से होती है, जिसके पानी के दूषित होने की पूरी आशंका जताई जा रही है। मामले को लेकर वार्ड 8 और 9 के पार्षद प्रतिनिधि लालाराम लोधा ने पुष्टि की है कि बूढ़े बालाजी और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लगातार बच्चों के बीमार होने की जानकारी मिल रही है। शुरूआती तौर पर सामने आया है कि मुख्य पेयजल पाइपलाइन में जगह-जगह लीकेज हैं। इसके साथ ही सड़कों पर खुले पड़े पुराने और अनुपयोगी हो चुके नलों के जरिए गंदा और नालियों का पानी रोजाना होने वाली पेयजल सप्लाई के साथ मिक्स हो रहा है, जो लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। पार्षद प्रतिनिधि ने पीएचई विभाग के प्रभारी संचित ढिमरी से इस मामले पर तुरंत संज्ञान लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पार्षद प्रतिनिधि से हुई चर्चा में पीएचई विभाग के अधिकारियों ने खुद स्वीकार किया है कि क्षेत्र की पानी की टंकी की सफाई करीब 4 महीने पहले हुई थी। इस लापरवाही के सामने आने और सनसनीखेज घटनाक्रम की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता अनमोल सलूजा तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां भर्ती पीड़ित बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और अस्पताल प्रशासन से चर्चा की। भाजपा नेता ने प्रशासन से पूरे गुना शहर की सभी पानी की टंकियों की नियमित और समय पर सफाई कराने की पुरजोर मांग की है।

Next Post

शहर की संस्थाओं ने उद्यानों और चौराहों को व्यवस्थित करने की ली जिम्मेदारी

Sun Jun 7 , 2026
ग्वालियर। शहर के 14 पार्क एवं चौराहों को सामाजिक संस्थाओं एवं शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने गोद लिया है। नागरिकों की सहभागिता से अब शहर के अनेक चौराहों, उद्यानों और डिवाइडरों को हरा-भरा बनाने का कार्य प्रारंभ हो रहा है। पर्यावरण संरक्षण सम्मेलन में शहर की एक सैंकड़ा से अधिक […]

You May Like