
सौसर, ग्राम बेरडी में शासकीय भूमि पर संचालित हो रही लाइसेंसी शराब दुकान को बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हटा दिया गया। उल्लेखनीय है कि इस दुकान को हटाने के लिए लंबे समय से मांग उठ रही थी। हाल ही में सामाजिक कार्यकर्ता अंकित गुर्वे ने भी प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपकर दुकान तत्काल हटाने की मांग की थी और कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी।
दुकान हटाने की कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय विधायक विजय चौरे, बड़ी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक विजय चौरे ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर किसी भी सूरत में शराब दुकान का संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाइसेंसी संचालक दुकान को किसी अन्य अधिकृत स्थान पर स्थानांतरित कर सकता है, जिस पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
*धार्मिक आयोजन के चलते अवैध शराब पर सख्ती की चेतावनी*
वर्तमान में ग्राम बेरडी में प्रसिद्ध अखंड हरिनाम सप्ताह का आयोजन चल रहा है। इस धार्मिक उत्सव की गरिमा को ध्यान में रखते हुए ग्रामीणों ने क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग प्रशासन से की है। सामाजिक कार्यकर्ता अंकित गुर्वे ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बावजूद गांव में अवैध शराब का कारोबार पाया गया, तो ग्रामीण स्वयं आगे आकर असामाजिक तत्वों को सबक सिखाएंगे।
