दुबई, 22 सितम्बर (वार्ता) मुख्य रूप से अगले फ़्यूचर टूर्स प्रोग्राम (एफटीपी) पर चर्चा के लिए आईसीसी इस सप्ताह दुबई में एकत्रित होगा, जिसमें सदस्य 2027 से 2031 तक के लिए अगले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर के साइकल को आकार देने की कोशिश करेंगे।
मंगलवार को शुरू होने वाली इस वर्कशोप में आईसीसी, क्रिकेट ऑपरेशन्स की वर्कशोप का संचालन करेगा जिसमें एफटीपी और मार्च 2027 में समाप्त हो रहे मौजूदा चक्र पर चर्चा करेगा। हालिया महीनों में काफ़ी प्रगति हुई है लेकिन इन बैठकों में कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आएगा क्योंकि जैसा कि एक अधिकारी ने भी कहा कि अभी काफ़ी चीज़ें तय होना बाक़ी हैं। हालांकि काफ़ी सदस्यों के प्रमुख टूर्नामेंट काफ़ी हद तक तय हो जाने चाहिए। अंतिम एफटीपी नवंबर में बाली होने वाली आईसीसी की तिमाही बैठक में पेश किए जाने की संभावना है।
टी 20 की संख्या बढ़ सकती है, द्विपक्षीय वनडे की संख्या घट सकती है
अगले चक्र में पूर्ण सदस्य देशों के बीच अधिक टी 20 खेले जा सकते हैं। ऐसा करने पर द्विपक्षीय वनडे की संख्या को कम करना पड़ सकता है क्योंकि क्रिकेट के एक साल के कैलेंडर में सबकुछ फ़िट करना कठिन हो रहा है। खेल के विस्तार के लिए टी 20 आईसीसी का बड़ा हथियार है और इस प्रारूप में विश्व कप भी हर दो साल में खेला जाता है। जबकि वनडे का विश्व कप हर चार साल में खेला जाता है। नामीबिया क्रिकेट के प्रमुख और आईसीसी बोर्ड के नए निदेशक रुडी वान वुरेन ने कहा कि वह टी 20 प्रारूप में एसोसिएट देशों के लिए अधिक संभावनाएं देख पा रहे हैं।
हालांकि इसका यह मतलब नहीं है कि वनडे पूरी तरह समाप्त हो गया है। इस प्रारूप का विश्व कप अभी भी इस खेल का सबसे बड़ा टूर्नामेंट बना हुआ है। हालांकि सदस्यों के बीच वनडे को अधिक अर्थ देने के लिए चर्चाएं होती रही हैं। हालांकि चर्चा वनडे सुपर लीग को दोबारा शुरू करने के बजाय 1990 के दशक के आसपास के दौर की ओर लौटने की अधिक हुई है, जब त्रिकोणीय और क्वाड्रिलेटरल सीरीज़ खेली जाती थीं।
