राज्यपाल ने मीडिया से ओडिशा के बदलाव लाने वाले नायकों को सामने लाने का किया आह्वान

भुवनेश्वर, (वार्ता) ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कम्भमपति ने मंगलवार को मीडिया से अपील की कि वह सार्वजनिक जागरूकता बढ़ाने, कमियों को सामने लाने और बदलाव लाने वाले लोगों की प्रेरक कहानियों को उजागर कर राज्य के विकास में सक्रिय भागीदार बने।

‘सकाला’ और ‘नंदीघोष टीवी’ के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘ओडिशा अभ्युदय कॉन्क्लेव 2026’ के उद्घाटन समारोह में राज्यपाल ने कहा कि युवा उद्यमियों, किसानों, महिला उद्यमियों, खिलाड़ियों और वैज्ञानिकों की सफलता की गाथाएं लोगों को प्रेरित कर सकती हैं तथा सामाजिक बदलाव में योगदान दे सकती हैं।

उन्होंने जोर देकर कहा कि ओडिशा के विकास के लिए सरकार, नागरिकों, उद्योगों, शिक्षा जगत और मीडिया के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। राज्य को अब केवल खनिज संपदा पर निर्भर रहने के बजाय मूल्य संवर्धन, विनिर्माण, नवाचार, प्रौद्योगिकी और रोजगार सृजन की ओर बढ़ना होगा।

शिक्षा और महिला सशक्तीकरण को प्राथमिकता बताते हुए डॉ. कम्भमपति ने ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार पर केंद्रित ‘उत्कृष्टता केंद्रों’ की स्थापना तथा महिलाओं को नेतृत्व के अधिक अवसर देने का आह्वान किया।

समारोह में राज्यसभा सांसद एवं नंदीघोष टीवी व सकाला के अध्यक्ष मानस मंगराज तथा प्रकाशक अमित मलिक ने भी अपने विचार रखे, जबकि सकाला के प्रधान संपादक समरेंदु दास ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

 

Next Post

नगर निगम द्वारा शहर में 40 नर्मदा टंकियों का होगा निर्माण

Wed Aug 26 , 2026
इंदौर:शहर की सभी विधानसभाओं में नगर निगम द्वारा अमृत 2.0 योजना में 40 पानी की टंकी बनाने का काम करने की योजना है. इसमें सभी टंकी निर्माण स्थल तय हो चुके हैं. उससे भी बढ़कर यह है कि निगम द्वारा 6 स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू भी कर दिया गया […]

You May Like

Play sound