इंदौर:शहर की सभी विधानसभाओं में नगर निगम द्वारा अमृत 2.0 योजना में 40 पानी की टंकी बनाने का काम करने की योजना है. इसमें सभी टंकी निर्माण स्थल तय हो चुके हैं. उससे भी बढ़कर यह है कि निगम द्वारा 6 स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू भी कर दिया गया है.नगर निगम शहर में पानी की समस्या खासकर नर्मदा पानी की परेशानी दूर करने की योजना बना चुका है. इसके तहत शहर की शहरी और ग्रामीण विधानसभाओं के शहरी क्षेत्र में 40 नर्मदा टंकियों का निर्माण करेगा. उक्त 40 नर्मदा टंकियों का निर्माण केंद्र सरकार की अमृत 2.0 योजना के चतुर्थ चरण में किया जा रहा है.
नगर निगम ने शहर की विधानसभा एक में 2, विधानसभा 2 में 11, तीन में 3, चार में 4 , राऊ में 11, देपालपुर में 3 और सांवेर में 6 टंकियों के निर्माण के लिए स्थान तय कर लिए है. खास बात यह है कि 40 नर्मदा टंकियों के निर्माण के टेंडर हो चुके है, जिसमें 38 टंकियों में स्थान को लेकर कोई आपत्ति नहीं है. विधानसभा चार में विश्वकर्मा नगर पानी टंकी के स्थान को लेकर पार्षदों के बीच खींचतान चल रही है. निगम के आधिकारिक सूत्रों ने उक्त टंकी निर्माण को प्राथमिकता से हटा दिया है. बताया जा रहा है कि विश्वकर्मा नगर टंकी निर्माण को योजना से बाहर करने की तैयारी है. नगर निगम ने शहर को पानी की किल्लत से उबारने के लिए टैग स्थानों में से 6 से ज्यादा स्थानों पर नर्मदा पानी टंकी का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है.
दो स्थानों पर सहमति नहीं बनी
नगर निगम के अपर आयुक्त आशीष कुमार पाठक ने बताया कि 40 टंकियों का निर्माण करने की योजना है. 38 स्थानों पर निर्माण को लेकर कोई आपत्ति या विवाद नहीं है. दो स्थान विश्वकर्मा नगर और एक अन्य को लेकर पार्षदों में सहमति नहीं बन पाई है, इसलिए दो टंकियों के निर्माण पर निर्णय नहीं हो पा रहा है. उन्होंने बताया कि शहर में 40 में से 6 टंकियों का काम शुरू हो चुका है.
विधानसभा क्षेत्रों के निम्न इलाकों में बनेगी नर्मदा टंकियां
– विधानसभा एक में लक्ष्मी बाई नगर मंडी एवं सांई गंगोत्री
– विधानसभा दो में खालसा चौक, निरंजनपुर मंडी, लवकुश विहार, कबीटखेड़ी, रेवेन्यू नगर, रजिस्ट्रार ऑफिस सुखलिया, एकेवीएन, मैकेनिक नगर, योजना 54 पीयू 4 गार्डन, विजय नगर एवं सयाजी होटल के पीछे
– विधानसभा तीन में कंचनबाग, महल कचहरी तथा शिवाजी नगर
– विधानसभा चार में कलेक्ट्रेट पार्क, नमक गोदाम, हवा बंगला और विश्वकर्मा नगर
– विधानसभा राऊ में ट्रेजर टाउन, कावेरी परिसर, योजना 103 केलोद करताल, लिंबोदी तालाब के पास, पालदा औद्योगिक क्षेत्र, आरटीओ मुंडला नायता, ओमेक्स हिल, शिव सिटी, अहिरखेड़ी, बुद्ध नगर एक्सटेंशन एवं देवगुराडिया
– सांवेर विधानसभा में कुमेड़ी, पंचवटी कॉलोनी, अरण्या, मायाखेड़ी, शक्करखेड़ी ओर रेवती रेंज
– देपालपुर विधानसभा में छोटा बांगड़दा, विद्या पैलेस कॉलोनी और गांधी नगर
