सतना: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शनिवार 13 दिसंबर 2025 को जिला एवं सत्र न्यायालय, एडीआर सेंटर सतना में नेशनल लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सतना द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं मां सरस्वती के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया।
लोक अदालत के शुभारंभ अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा न्यायालय परिसर में लोक अदालत की गतिविधियों का अवलोकन किया गया तथा बैंकों एवं विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को अधिक से अधिक प्रकरणों के सौहार्दपूर्ण निराकरण के लिए निर्देशित एवं प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी नेशनल लोक अदालत प्रशांत कुमार निगम, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष बद्री प्रसाद पाठक, समस्त न्यायाधीशगण, जिला विधिक सहायता अधिकारी मधुसूदन जीनी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
ये रहे प्रकरण
नेशनल लोक अदालत के माध्यम से सतना जिले में कुल 2904 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। इन प्रकरणों में लगभग 24 करोड़ 35 लाख 95 हजार 348 रुपये की समझौता राशि निर्धारित हुई, जिससे लगभग 5558 व्यक्ति प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए। लोक अदालत के माध्यम से बड़ी संख्या में लंबित मामलों का त्वरित एवं आपसी सहमति से समाधान कर न्यायालयों पर बोझ कम करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सतना के सचिव पार्थ शंकर मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि नेशनल लोक अदालत के जरिए न केवल मामलों का शीघ्र निराकरण संभव हुआ, बल्कि संबंधित पक्षकारों को अनावश्यक खर्च, समय और मानसिक तनाव से भी राहत मिली। उन्होंने कहा कि लोक अदालत आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है, जिससे समाज में शांति एवं सद्भावना का वातावरण निर्मित होता है।
