हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनावों ने एक बार फिर कांग्रेस की संगठनात्मक कमजोरी और राजनीतिक चुनौतियों को उजागर कर दिया है. बिहार, ओडिशा और हरियाणा जैसे राज्यों में क्रॉस वोटिंग, विधायकों की अनुपस्थिति और रणनीतिक चूक ने न केवल पार्टी की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगाया है, बल्कि विपक्षी एकता की वास्तविक स्थिति भी सामने रख दी है. यह स्थिति कांग्रेस के लिए केवल एक चुनावी हार नहीं, बल्कि एक गहरी चेतावनी है. 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने 52 से बढक़र 99 सीटें हासिल की थीं, जिससे पार्टी के भीतर एक नई उम्मीद जगी थी. ऐसा लगा कि लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक अवसान का दौर समाप्त हो रहा है. लेकिन इसके बाद हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और दिल्ली के विधानसभा चुनावों में प्रदर्शन ने इस धारणा को कमजोर कर दिया. अब राज्यसभा चुनावों में सामने आई घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस की समस्या केवल चुनावी नहीं, बल्कि संरचनात्मक है.
ओडिशा में तीन विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग किया जाना पार्टी अनुशासन पर सीधा प्रहार है. सोफिया फिरदौस, रमेश जेना और दशरथी गोमांगो का पार्टी लाइन से हटकर मतदान करना यह संकेत देता है कि जमीनी स्तर पर नेतृत्व की पकड़ कमजोर हो रही है. बिहार में स्थिति और भी चिंताजनक रही, जहां कांग्रेस और राजद के कई विधायक मतदान के समय अनुपस्थित रहे. परिणामस्वरूप एनडीए ने सभी पांच सीटों पर जीत दर्ज कर ली. यह केवल रणनीतिक विफलता नहीं, बल्कि राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी का भी संकेत है.
हरियाणा में कांग्रेस ने अपने विधायकों को शिमला भेजकर क्रॉस वोटिंग रोकने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बनी रही. यद्यपि पार्टी एक सीट बचाने में सफल रही, लेकिन इस पूरी प्रक्रिया ने यह दिखाया कि कांग्रेस अभी भी रक्षात्मक राजनीति में उलझी हुई है. इन घटनाओं का व्यापक विश्लेषण यह बताता है कि कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आंतरिक एकजुटता की है. तदर्थवाद और यथास्थितिवाद की राजनीति ने संगठन को कमजोर किया है. निर्णय प्रक्रिया में स्पष्टता का अभाव, नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद की कमी, और क्षेत्रीय नेताओं की उपेक्षा जैसे मुद्दे लगातार पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं.
यह भी समझना आवश्यक है कि भारत जैसे विशाल लोकतंत्र में एक मजबूत विपक्ष का होना अत्यंत जरूरी है. कांग्रेस, जो कभी स्वतंत्रता आंदोलन की धुरी रही है, यदि स्वयं को पुनर्गठित नहीं करती, तो लोकतांत्रिक संतुलन प्रभावित हो सकता है. भाजपा की चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के सामने टिके रहने के लिए कांग्रेस को केवल गठबंधन की राजनीति पर निर्भर रहने के बजाय अपने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना होगा.
कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को अब आत्ममंथन के साथ-साथ ठोस कदम उठाने होंगे. संगठनात्मक ढांचे में सुधार, अनुशासन की सख्ती, और स्थानीय नेतृत्व को सशक्त बनाना समय की मांग है. साथ ही, विचारधारा और कार्यक्रमों की स्पष्टता भी आवश्यक है, ताकि कार्यकर्ताओं और मतदाताओं दोनों के बीच भरोसा पुनर्स्थापित हो सके.कुल मिलाकर राज्यसभा चुनावों के ये नतीजे कांग्रेस के लिए एक अवसर भी हैं. यदि पार्टी इन संकेतों को गंभीरता से लेकर सुधार की दिशा में आगे बढ़ती है, तो वह न केवल अपनी खोई जमीन वापस पा सकती है, बल्कि भारतीय राजनीति में एक प्रभावी विकल्प के रूप में भी उभर सकती है.
