हेड, क्लासेन और किशन पर भारी पड़े हैं अर्शदीप

हैदराबाद, 05 मई (वार्ता) आईपीएल 2026 में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और पंजाब किंग्स के बीच इस सीज़न का 49वां मुक़ाबला खेला जाएगा। एसआरएच ने अभी तक 10 मैच खेले हैं जिसमें से उन्हें छह मैचों में जीत मिली है और चार मुक़ाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। टीम 12 अंक के साथ प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर है। वहीं पंजाब ने अभी तक नौ में से छह मैच जीते हैं और 13 अंकों के साथ अंक तालिका में टॉप पर हैं। हालांकि वह दो लगातार मैच हारकर आ रहे हैं। ओवरऑल दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल 25 मैच हुए हैं जिसमें से एसआरएच ने 17 और पंजाब ने केवल आठ ही मैच जीते हैं।

सिक्स हिटर्स की होगी जंग

इस मैच में छक्कों की बरसात हो सकती है। इसकी वजह यह है कि दोनों ही टीमों में लंबे-लंबे छक्के लगाने वाले बल्लेबाज मौजूद हैं। अगर एसआरएच की बात करें तो उनके पास अभिषेक शर्मा हैं जिन्होंने इस सीज़न अभी तक दूसरे सबसे ज्यादा (32) छक्के लगाए हैं। इशान किशन 18 और हेनरिक क्लासेन 19 छक्के अभी तक लगा चुके हैं। ट्रेविस हेड भी फॉर्म में आ चुके हैं। दूसरी तरफ अगर पंजाब की बात करें तो उनके पास भी सिक्स हिटर्स की फौज है। प्रियांश आर्य अभी तक इस सीज़न 26 छक्के लगा चुके हैं और कुल 51 छक्के आईपीएल में लगाए हैं। प्रभसिमरन सिंह भी आईपीएल 2025 से लेकर अभी तक 47 छक्के लगा चुके हैं। श्रेयस अय्यर भी 22 छक्के इस सीजन जड़ चुके हैं। कूपर कॉनली भी पीछे नहीं रहे हैं और 18 छक्के अभी तक लगा चुके हैं।

अर्शदीप के पास हेड, क्लासेन और किशन का तोड़

एसआरएच के लिए टॉप ऑर्डर में हेड और किशन ने धुआंधार बल्लेबाज़ी की है। वहीं मिडिल ऑर्डर में क्लासेन का बल्ला जमकर बोला है। क्लासेन अगर चलते हैं तो फिर मैच जिताकर ही लौटते हैं। हालांकि पंजाब के पास अर्शदीप सिंह के रूप में इन सबका तोड़ है। अर्शदीप ने हेड को तीन बार और किशन को चार बार आउट किया है। वहीं क्लासेन के ख़िलाफ़ जहां तक रिकॉर्ड का सवाल है तो उनको टी20 की सात पारियों में तीन बार पवेलियन भेजा है। वहीं क्लासेन अर्शदीप के ख़िलाफ़ 104 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ़ 24 रन ही बना पाए हैं। इससे पता चलता है कि क्लासेन के ऊपर अर्शदीप पूरी तरह से हावी रहे हैं। हेड आठ पारियों में 59 और किशन सात पारियों में सिर्फ़ 39 रन ही अर्शदीप के ख़िलाफ़ बना पाए हैं।

पावरप्ले में कौन मारेगा बाजी?

इस मैच का फ़ैसला पावरप्ले में ही हो जाएगा। इसकी वजह यह है कि एक तरफ अभिषेक, हेड और किशन जैसे बल्लेबाज हैं। तो वहीं दूसरी तरफ प्रियांश, प्रभसिमरन और कॉनली जैसे खिलाड़ी हैं। प्रियांश ने पावरप्ले में 257 और प्रभसिमरन सिंह ने 179 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। वहीं हेड और अभिषेक की बात करें तो इन्होंने छह बार पावरप्ले में 70 प्लस से ज्यादा रनों की साझेदारी कर दी है। अभी तक 10 पारियों में 573 रन यह जोड़ी बना चुकी है। इन दोनों ने जिन मैचों में 50 प्लस से ज्यादा की साझेदारी की है, उनमें पांच में से चार मैच टीम ने जीते हैं। इसका मतलब यही है कि इस मैच को वही टीम जीतेगी जिनका पावरप्ले अच्छा जाएगा।

क्लासेन और अय्यर की निगाहें ख़ास कीर्तिमान पर

क्लासेन और अय्यर इस मैच में एक बड़ा कीर्तिमान भी अपने नाम कर सकते हैं। क्लासेन को IPL में 2000 रन पूरे करने के लिए 95 रनों की और जरूरत है। हालांकि इस मैच में उनका यह रिकॉर्ड शायद ही बन पाए, क्योंकि वह मिडिल ऑर्डर में बैटिंग करने के लिए आते हैं। वहीं अय्यर की अगर बात करें तो टी20 में उनका यह 250वां मैच होगा। जबकि 68 रन अगर वह इस मैच में बना देते हैं तो फिर आईपीएल में पंजाब के लिए उनके 1000 रन पूरे हो जाएंगे। ऐसे में वह चाहेंगे कि इस मैच में अपना यह कीर्तिमान पूरा करें।

 

Next Post

सहायक निदेशक शहर की बस्तियों में पहुँचीं, जनगणना की वस्तुस्थिति जानी

Tue May 5 , 2026
ग्वालियर। जनगणना कार्य निदेशालय की सहायक निदेशक श्रीमती प्रेमा नायर ने मंगलवार को नगर निगम के दल के साथ शहर की विभिन्न बस्तियों में पहुँचकर जनगणना कार्य का पर्यवेक्षण किया। उन्होंने खासतौर पर शहर के जोन-9 के अंतर्गत मुरार क्षेत्र की बस्तियों, जोन-11 के अंतर्गत ठाठीपुर क्षेत्र एवं जोन-22 के […]

You May Like