कारगिल के अमर वीरों को नमन, सारनी महाविद्यालय में राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत आयोजन

सारनी। महाविद्यालय में विविध आयोजन किया गया। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सरदार विष्णु सिंह उइके शासकीय महाविद्यालय, सारनी में रविवार को राष्ट्रभक्ति और शहीदों के सम्मान को समर्पित भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश के निर्देशानुसार महाविद्यालय परिवार एवं अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार सुरक्षा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में प्रश्नमंच, निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं के साथ वृक्षारोपण और शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं वंदे मातरम् के जयघोष के साथ हुआ। इसके पूर्व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सरदार विष्णु सिंह उइके की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया तथा राष्ट्र सेवा और राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। शहीदों की स्मृति में वृक्षारोपण भी किया गया।

अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार सुरक्षा संगठन के जिला अध्यक्ष सतीश बौरासी ने कहा कि देश की आजादी और सुरक्षा हमारे सैनिकों के अदम्य साहस, कठिन तपस्या और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिक विपरीत परिस्थितियों, बर्फीली चोटियों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी मातृभूमि की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह उनके त्याग का सम्मान करे।जिला प्रमुख सचिव विनोद कुमार कैथवार ने सैनिकों एवं उनके परिवारों के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि देश के लिए सेवा देने वाले सेवानिवृत्त सैनिक आज भी विभिन्न संस्थानों में अपनी सेवाएं देकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रदीप पंद्राम ने कारगिल युद्ध की शौर्यगाथा का उल्लेख करते हुए बताया कि लगभग 18 से 19 हजार फीट की ऊंचाई पर लड़ा गया यह युद्ध भारतीय सेना के अदम्य साहस का प्रतीक है। उन्होंने कारगिल युद्ध के वीरों कैप्टन विक्रम बत्रा, कैप्टन मनोज कुमार पांडे, संजय कुमार और योगेंद्र सिंह यादव के पराक्रम का स्मरण करते हुए कहा कि इन वीरों की वीरता सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी।प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नमंच प्रतियोगिता में भूमिका यादव प्रथम, श्रेया राजपूत द्वितीय तथा दुर्गेश वरकड़े तृतीय रहे। निबंध प्रतियोगिता में प्रीमल ने प्रथम, मोनिका ने द्वितीय एवं शिवानी झरबड़े ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में श्रेया राजपूत प्रथम, कुशाल गुप्ता द्वितीय तथा गुलशन धुर्वे तृतीय स्थान पर रहे।कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सतीश बौरासी, महिला जिला अध्यक्ष दीपिका बौरासी, महिला जिला उपाध्यक्ष सारिका वरदाहे, जिला प्रमुख सचिव विनोद कैथवार, जिला प्रतिनिधि हेमंत रघुवंशी, जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र सोनारे, तहसील महामंत्री राकेश डहेरिया, सुमित मांझी, तहसील उपाध्यक्ष पंकज (पिंटू) मालवीय, तहसील प्रतिनिधि सुखबीर सिंह, तहसील मीडिया प्रभारी हर्ष कैथवास सहित डॉ. हरीश लोखंडे, डॉ. उमेश सालवंशी, डॉ. तपेश साहू, डॉ. अंजना संजय राठौर, महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Next Post

सेंट मेरीज़ कॉन्वेंट स्कूल में भव्य ग्रैंड पेरेंट्स डे समारोह

Sun Jul 26 , 2026
भोपाल। सेंट मेरीज़ कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ग्रैंड पेरेंट्स डे का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। “रूट्स टू विंग्स” विषय पर आधारित इस समारोह का उद्देश्य परिवार और विद्यालय की संयुक्त भूमिका को रेखांकित करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास का संदेश देना था। कार्यक्रम का […]

You May Like