विदिशा पुलिस की अनूठी पहल: ​बुजुर्गों का सहारा बनी सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत


विदिशा: वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, सुरक्षा और न्याय दिलाने के उद्देश्य से विदिशा पुलिस द्वारा संचालित सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत एक प्रभावी जनकल्याणकारी पहल बनकर उभरी है। पुलिस प्रशासन की यह पहल बुजुर्गों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ पारिवारिक सौहार्द बहाल करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में शुरू की गई यह पंचायत वरिष्ठ नागरिकों के लिए भरोसेमंद मंच बन चुकी है।

यहां बुजुर्गों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर परामर्श, समझाइश और कानूनी सहायता के माध्यम से समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। 23 जनवरी 2025 से शुरू हुई इस पहल के तहत 15 अप्रैल 2026 तक कुल 54 बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इन बैठकों में 187 प्रकरणों की सुनवाई हुई, जिनमें से 131 मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। शेष मामलों में कानूनी प्रक्रिया जारी है।

हाल ही में एक मामले में वरिष्ठ नागरिक ने अपने बेटे पर प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि के दुरुपयोग और जमीन पर अवैध खेती का आरोप लगाया था। पंचायत की मध्यस्थता से विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान हुआ। वहीं एक अन्य मामले में वृद्ध महिला द्वारा बेटे पर धमकी देने और बाइक में आग लगाने का आरोप लगाए जाने पर अधिकारियों ने आपराधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।अधिकारियों का कहना है कि यह पहल न केवल बुजुर्गों की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है, बल्कि परिवारिक मूल्यों और पुलिस के प्रति जनविश्वास को भी मजबूत बना रही है।

Next Post

हाल ही में बनी सड़क और सीवरेज लाइन की गुणवत्ता सवालों के घेरे में

Fri May 8 , 2026
इंदौर:शहर में विकास कार्यों की गुणवत्ता और समय से पहले उनके क्षतिग्रस्त होने की चिंताएं जमीनी हकीकत के करीब हैं. हालांकि, इंदौर लगातार स्वच्छता सर्वेक्षण में शीर्ष पर रहा है, लेकिन तीव्र शहरीकरण और बुनियादी ढांचे के निर्माण में खामियां खासकर, भ्रष्टाचार शहर के सामने बड़ी चुनौतियां हैं.हाल ही में […]

You May Like