बुधनी। नगर परिषद की बैठक नप अध्यक्ष सुनीता अर्जुन मालवीय की अध्यक्षता में आयोजित हुई. जिसमें वार्षिक बजट पारित किया गया.
बैठक में उपाध्यक्ष सत्येंद्र शर्मा सहित पार्षद प्रभात भदौरिया, यशवंत चौहान, संतोष राजपूत, श्रीकांत शर्मा, रजनी हरदयाल सिंह आजाद, आरती किशन मालवीय, गीता तेकाम, राखी केथवास तथा सीएमओ संतोष रघुवंशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे. बैठक के दौरान आगामी वित्तीय वर्ष के लिए आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया गया. बजट में नगर विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी गई है.
नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता अर्जुन मालवीय ने बताया कि बजट का मुख्य उद्देश्य नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाना है. साथ ही विकास कार्यों को गति देने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं को शामिल किया गया है. बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं और सुझाव भी रखे, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर शामिल करने का आश्वासन दिया गया. अंत में सभी सदस्यों ने बजट का समर्थन करते हुए इसे नगर के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
