मुंबई, 05 मई (वार्ता) अभिनेत्री सुम्बुल तौकीर खान का कहना है कि स्क्रीन पर शेफ का किरदार निभाना और सचमुच खाना बनाना उनके लिये बेहद खास अनुभव रहा है। सोनी सब का शो इत्ती सी खुशी अपनी सरल और दिल को छू लेने वाली कहानी और सहज पलों के ज़रिए दर्शकों से जुड़ता जा रहा है। मौजूदा ट्रैक में अन्विता (सुम्बुल तौकीर खान) अपनी ज़िंदगी के नए पड़ाव में कदम रखती है, जब वह रेस्टोरेंट में काम शुरू करती है और शेफ बनने के अपने सपने की ओर पहला कदम बढ़ाती है।
अन्विता की यात्रा चुनौतियों, सीख और छोटी-छोटी जीतों से भरपूर दिखाई देती है। दिलचस्प बात यह है कि यह ट्रैक सुम्बुल के असली जीवन के शौक से भी मेल खाता है। उन्हें हमेशा घर पर खाना बनाने और नए प्रयोग करने का शौक रहा है, और जब सेट पर उन्हें प्रोफेशनल शेफ की किचन जैसी जगह मिली तो यह उनके लिए एक व्यक्तिगत उपलब्धि जैसा था। यह शानदार सेटअप उनके लिए एक छोटा-सा आशियाना बन गया, जहाँ वह अपने जुनून और अभिनय को एक साथ जोड़ सकीं, जिससे पूरा अनुभव और भी रोमांचक और जीवंत हो गया।
सुम्बुल तौकीर खान ने कहा, “मैंने हमेशा सपना देखा था कि मेरी खुद की एक बड़ी और शानदार किचन हो, और जब मैंने सेट पर बनी किचन देखी तो सचमुच लगा कि मेरा सपना पूरा हो गया है। घर पर मैं हमेशा खाने के साथ नए-नए प्रयोग करती रहती हूँ, इसलिए स्क्रीन पर शेफ का किरदार निभाना और खाना बनाना मेरे लिए बेहद खास था। यह सचमुच मेरा छोटा-सा ‘हैप्पी प्लेस’ बन गया। उस माहौल में रहना किरदार में ढलने और हर पल का आनंद लेने को बहुत आसान बना देता था।” इत्ती सी खुशी देखना,हर सोमवार से शनिवार रात नौ बजे, सिर्फ़ सोनी सब पर प्रसारित होता है।

