
जबलपुर। दीनदयाल चौक में हत्या के विरोध में आक्रोशित परिजनों ने चक्काजाम कर दिया। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग पर अड़ गए, सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जल्द ही गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। वहीं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने पहुंच कर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए, उनका कहना है कि वारदात जहां हुई वहां से चंद कदम की दूरी पर पुलिस की चौकी थी उसके बाद भी आरोपी पुलिस को चुनौती देते हुए हत्या कर फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि पवन अहिरवार निवासी गली नम्बर 1 शारदा मंदिर के बाजू से राजीवनगर का लगभग 4-5 माह पहले अपना ई रिक्शा निकालकर ले जा रहा था, उस समय रोहित पाल (बर्मन) के घर के गेट से पवन का ई रिक्शा टकरा गया था, उसी बात को लेकर रोहित पाल बर्मन और रोहित पाल की मां शकुन बाई से झगड़ा हो गया, शकुन बाई ने पवन अहिरवार को मुंगरिया एवं रोहित पाल बर्मन ने लठ्ठ से पवन के साथ मारपीट की थी, उस समय पवन अहिरवार ने रिपोर्ट नहीं की थी, उल्टा शकुन बाई ने पवन की रिपोर्ट की थी, दूसरे दिन भी कुछ कहासुनी हो गई थी, उस समय रोहित पाल ने पवन अहिरवार एवं पंकज अहिरवार दोनों भाईयों में से किसी एक की हत्या करने की धमकी दिया था। कल रोहित पाल बर्मन ने पवन अहिरवार उम्र 37 वर्ष की हत्या कर दी।
