जबलपुर: पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर सिटी सर्किल के अंतर्गत दक्षिण संभाग में 24 मार्च की शाम शाहनाला तिलवारा रोड पर शैलू ठेकेदार के कर्मी विद्युत लाइन खींचने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मुकेश मरावी (उम्र 40 वर्ष) 11 केवी के पोल पर चढ़कर काम कर रहे थे, तभी अचानक उन्हें करंट लगने से झूला के सहारे लाइन में फंसकर लटक जाना पड़ा। ठेकेदार द्वारा जेसीबी मशीन की मदद से मुकेश को पोल से नीचे उतारा गया और तत्काल मेडिकल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शैलू ठेकेदार ने 11 केवी लाइन को बंद करने का परमिट लिया था। ऐसे में यह सवाल उठता है कि विद्युत कैसे सप्लाई चालू हो गई। संघ के सदस्य केएन लोखंडे, एसके मौर्य, शशि उपाध्याय, ख्यालीराम, महेश दुबे, राम शंकर, मोहन दुबे, मदन पटेल, लाखन सिंह राजपूत, किशोर और टी डेविड ने मानव अधिकार आयोग से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने मृत ठेका कर्मी की पत्नी और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए ठेकेदार द्वारा 20 लाख रुपये की सहायता राशि दिलाए जाने की भी अपील की है।
