अमलाहा. मप्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल विद्युत कनेक्शन की जांच करने पहुंचे. धामंदा में बिजली चोरी के मामले देख वह हतप्रभ रह गए. कई दुकानों व घरों में बिना मीटर के डायरेक्ट बिजली चोरी की जा रही थी. सिंघल ने अमलाहा वितरण केंद्र अंतर्गत अनेक घरेलू और गैर घरेलू कनेक्शनों की जांच की. जांच के दौरान हाईवे किनारे स्थित रेस्टोरेंट के अस्थाई कनेक्शन का मीटर खराब पाए जाने पर वितरण केन्द्र के जूनियर इंजीनियर सत्येन्द्र सिंह के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही के साथ ही एक मीटर रीडर की सेवाएं समाप्त करते हुए उसे ब्लैक लिस्ट करने की कार्यवाही की गई है.
निरीक्षण के दौरान प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने अमलाहा कस्बे का भ्रमण कर घरेलू उपभोक्ताओं के परिसरों तथा व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों में लगे विद्युत कनेक्शनों की जांच कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए. इस दौरान उन्होंने कुछ कनेक्शनों में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को विधिवत कार्यवाही करने के साथ ही नियमित रूप से चैकिंग करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान निदेशक सुधीर कुमार श्रीवास्तव, मुख्य महाप्रबंधक अमृतपाल सिंह, महाप्रबंधक वृत्त सुधीर कुमार शर्मा, उप महाप्रबंधक संभाग अमित राय आदि उपस्थित थे.
कंपनी के MD धामंदा में बिजली चोरी देख हतप्रभ रह गए
