सतना :मैहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्र. 4 बीड़ी बस्ती में शनिवार को उस वक्त दर्दनाक हादसा सामने आया जब पटेहरा तालाब में डूबने से 2 बहनों की मौत हो गई. गनीमत यह रही कि पानी में डूब रहे 2 बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया. जिला प्रशासन ने पीडि़त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रु की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की गई.प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्र. 4 बीड़ी बस्ती निवासी रामसजीवन चौधरी के पुत्र का निधन एक वर्ष पूर्व हो गया था. शनिवार को एक वर्ष पूरा होने पर उसकी वार्षिक पुण्य तिथि मनाई जा रही थी. इस कार्यक्रम के चलते रामसजीवन के यहां सारे रिश्तेदार एकत्र हुए थे.
शनिवार को सभी लोग निकट स्थित तालाब में पूजन करने और दाल धाने के उद्देश्य से वहां पहुंचे. बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान तालाब किनारे खड़ी मुकेश चौधरी की 10 वर्षीय पुत्री पूनम का पैर अचानक फिसल गया. पैरे फिसलने के कारण पूनम तालाब में गिरने लगी. लेकिन इसी दौरान उसने बचने के लिए बगल में खड़ी अपनी चचेरी बहन आंचल चौधरी पिता रामसजीवन उम्र 20 वर्ष का हाथ पकड़ लिया. जिसका नतीजा यह हुआ कि पूनम और आंचल दोनों तालाब में गिर गईं और गहरे पानी में डूबने लगी. उन्हें डूबता देख वहां पर खड़ी 17 वर्षीय बहन शालू और भाई अभिषेक भी बचाने के लिए तालाब में कूद गए.
यह देखते ही वहां पर मौजूद लोगों के बीच हडक़ंप मच गया. लिहाजा पानी में डूब रहे बच्चों को बचाने के लिए आस पास के लोग भागकर मौके पर पहुंच गए. कड़ी मशक्कत करते हुए अभिषेक और शालू को तो बचा लिया गया. लेकिन पूनम और आंचल का पता नहीं चला. यह देख वहां पर मौजूद परिजनों के बीच कोहराम मच गया. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई. कुछ देर तक कड़ी मशक्कत करने के बाद पूनम और आंचल को बाहर निकाल लिया गया. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल में मृत घोषित करने के बाद दोनों चचेरी बहनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
रामसजीवन को दोहरा आघात
इस घटना के चलते रामसजीवन बुरी तरह टूटते नजर आए. हलांकि बदहवासी की हालत में वे कुछ भी कह पाने की स्थिति में नहीं थे. लेकिन होश संभालने पर उन्होंने इतना जरुर कहा कि साल भर पहले उन्होंने अपना बेटा खो दिया था, और अब बेटी भी चली गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम दिव्या पटेल, सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान, कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी सहित पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात रहा. वहीं घटना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पीडि़त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृुतकों के परिजनों को 4-4 लाख रु की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की गई.
तत्काल दी आर्थिक सहायता
मैहर के पटेहरा तालाब में शनिवार को पानी में डूब कर हुई दो बालिकाओं की दुखद मृत्यु पर पीड़ित परिवार को दी गई सहायता ।कलेक्टर मैहर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी के निर्देशानुसार पटेहरा तालाब में हुई दुर्घटना पर एस डी एम मैहर दिव्या पटेल ने आर बी सी 6-4 के तहत परिजनों को 4-4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता घर जाकर दी गई।शनिवार को तालाब में नहाते समय आँचल चौधरी, उम्र 17 वर्ष पूनम चौधरी, उम्र 10 वर्ष दोनों की तालाब में डूबकर मृत्यु हो गई थी। इस घटना में पीड़ित उनके पिता को 4 लाख + 4 लाख = कुल राशि ? 8 लाख रुपए की सहायता राशि घर जाकर प्रदाय की गई।
