ग्रीन और डी कॉक ने पैट्रियट्स को बाहर किया, ट्राइडेंट्स चौथे नंबर पर पहुंचे

केंसिंग्टन ओवल, 11 सितंबर (वार्ता) क्रिस ग्रीन (चार विकेट) के बाद क्विंटन डी कॉक (नाबाद 44) रनों की पारी की बदौलत बारबाडोस ट्राइडेंट्स ने सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ चार विकेट से अहम जीत हासिल की और कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) 2026 अंक तालिका में चौथे स्थान आ गए। इस जीत से उनके प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बनी हुई हैं । अब उन्हें अगले दो मैचों में से बस एक जीत की ज़रूरत है। वहीं ट्राइडेंट्स ने पैट्रियट्स को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है। मेजबान टीम के लिए कप्तान क्रिस ग्रीन स्टार रहे। ट्राइडेंटस ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला करने के बाद ग्रीन ने 20 रन देकर चार विकेट के आंकड़े के साथ पैट्रियट्स की कमर तोड़ दी। पैट्रियट्स को पावरप्ले में ही बड़ा झटका लगा,शुरुआती तीन ओवरों में हर ओवर में एक-एक विकेट गिरा। ओपनर जॉनसन चार्ल्स और काइल मेयर्स बिना खाता खोले आउट हो गए। चार्ल्स को ग्रीन ने बोल्ड किया और मेयर्स डेनियल सैम्स की गेंद पर विकेट के पीछे कैच आउट हुए। आंद्रे फ्लेचर अतिरिक्त उछाल का शिकार बने और ग्रीन की गेंद पर अपने ही स्टंप्स पर शॉट खेलकर आउट हो गए, जिससे पैट्रियट्स का स्कोर 6 रन पर 3 विकेट हो गया और वे पावरप्ले में कुल 21 रन ही बना पाए। इसके बाद कप्तान ने एलिक अथानाज़ को आउट किया और 11वें ओवर में दासुन शनाका को एलबीडब्ल्यू करके अपना स्पेल खत्म किया।

इसके बाद गुडाकेश मोती ने जेसन होल्डर को आउट किया, जिन्होंने 27 गेंदों में 24 रन बनाए थे। वानिंदु हसरंगा के जवाबी हमले ने पैट्रियट्स को छह विकेट पर 51 रन की मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। उन्होंने पहले एएम गजनफर के खिलाफ एक चौका और एक छक्का लगाया, फिर मोती के खिलाफ दो छक्के जड़े और यह सब तब हुआ जब दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिर रहे थे। हसरंगा की 25 गेंदों में 45 रनों की पारी ने पैट्रियट्स को 100 रन के पार पहुंचाया, लेकिन आखिरी दो ओवरों में दो रन-आउट के कारण पूरी टीम 118 रन पर ऑल-आउट हो गई।

लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं था, क्योंकि होल्डर ने पहले ही ओवर में ब्रैंडन किंग और रिवल्डो क्लार्क को आउट किया और फिर पांचवें ओवर में जैकरी कार्टर को पवेलियन भेजा। इसके बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए क्विंटन डी कॉक और सद्रक डेस्कार्टे ने पारी को संभाला और सोच-समझकर हसरंगा पर हमला किया, जो उस रात काफी महंगे साबित हुए। डेस्कार्टे नसीम शाह का शिकार बने, लेकिन डी कॉक को शेरफेन रदरफोर्ड का अच्छा साथ मिला, जिससे लक्ष्य का पीछा करना नियंत्रण में रहा।

रदरफोर्ड ने अपनी 23 रन की पारी में तीन चौके लगाए और 16वें ओवर में आउट हो गए। इसके बाद 17वें ओवर में ग्रीन भी आउट हो गए, जबकि नसीम ने अपने कोटे के ओवरों में 2-11 के शानदार आंकड़े दर्ज किए। लेकिन इन झटकों के बावजूद, डी कॉक के नाबाद रहने से जीत लगभग पक्की हो गई थी, और अंत में सैम्स ने छक्का लगाकर मैच खत्म किया।

संक्षिप्त स्कोर: सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स 20 ओवर में 118 रन (वानिंदु हसरंगा 45; क्रिस ग्रीन 4-20, डैनियल सैम्स 2-21, गुडाकेश मोती 2-30)।

बारबाडोस ट्राइडेंट्स से 18 ओवर में 120/6 (क्विंटन डी कॉक नाबाद 44, शेरफेन रदरफोर्ड 23; जेसन होल्डर 3-31, नसीम शाह 2-11) ।

 

Next Post

जन विश्वास शिविर में गरमाया माहौल

Fri Sep 11 , 2026
सिंगरौली । देवसर विकासखंड के ग्राम पंचायत गन्नई गजरहिया में आज शुक्रवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर उस समय चर्चा में आ गया, जब समस्या का निराकरण नहीं होने से नाराज एक ग्रामीण ने एसडीएम देवसर के वाहन के सामने लाठी भांज दी और वाहन पर प्रहार कर दिया। […]

You May Like