
अनूपपुर, नवभारत। जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटाटोला-डोंगरिया मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के थाना गौरेला अंतर्गत ग्राम हर्राडीह गंगापुर निवासी योगेन्द्र सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके पिता अवधराज सिंह धुर्वे (54) अपनी पत्नी तेरसिया बाई और भतीजी शालिनी के साथ बाइक क्रमांक सीजी 10 ईआर 0346 से ग्राम गुंवारी में अपने पुत्र राजेश्वर सिंह के ससुराल आयोजित सत्यनारायण कथा में शामिल होने आए थे। 26 जून की सुबह करीब 10.30 बजे तीनों अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान खूंटाटोला-डोंगरिया मोड़ के आगे सामने से आ रही बाइक क्रमांक एमपी 65 जेडए 1688 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि अवधराज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी तेरसिया बाई के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि भतीजी शालिनी के सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों का उपचार जारी है। जैतहरी पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के विरुद्ध बीएनएस की धारा 281, 125, 106(1) एवं 184 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
