जबलपुर। नशा मुक्ति अभियान के तहत “नशे से दूरी, है जरूरी” संदेश के साथ जनजागरूकता दौड़ का आयोजन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा के नेतृत्व में निकली यह रैली वंदे मातरम चौक से शुरू होकर रज्जू मिस्त्री तिराहा, तीन पत्ती, बस स्टैंड तिराहा, ब्लूम चौक, मानकुंवर बाई कॉलेज और मदनमहल थाना होते हुए शिवाजी चौक पर संपन्न हुई। रैली में पुलिस अधिकारियों, छात्रों और नागरिकों ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को नशे के मानसिक, शारीरिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। बच्चों और युवाओं को बताया गया कि नशे की लत कई अपराधों की वजह बनती है और इससे दूर रहना समाज के हित में है। इस अवसर पर जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए तथा सभी प्रतिभागियों को जबलपुर को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
