मुरैना, 14 अप्रैल (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में दो पक्षों के बीच पानी को लेकर लाठी डंडे चलने का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिमनी थाना क्षेत्र के द्वारिकापूरी गांव में सरकारी हैंड पंप से पीने के पानी भरने को लेकर ग्रामीणों में जमकर लाठी डंडा चला। दो पक्षीय हमले में करीब दो दर्जन लोगों के घायल होने की खबर है।
ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक सरकारी हैंड पंप से पीने के पानी भरने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडे चलते दिखाई दे रहे हैं और उसमें महिलाएं भी शामिल दिख रही हैं।
उधर गर्मी ने अभी दस्तक ही दी है, रामपुर के बरखेड़ी गांव में पानी की बेहद किल्लत देखने को मिली है। ग्रामीण पुरुष और महिलाएं करीब एक किलोमीटर की दूरी से पानी भरकर लाने को मजबूर हैं। पंद्रह सौ की आबादी वाले गांव में मात्र एक ही कुआं हैं और वहां पानी भरने के लिए अल सुबह से ही पुरुष और महिलाओं की लंबी लंबी कतारें लग जाती हैं। ग्रामीणों का कहना हैं कि अभी अप्रैल के महीने में पीने के पानी की बहुत बड़ी किल्लत है तो मई ओर जून में हालात कैसे होंगे।

