डबलिन, 19 मार्च (वार्ता) आयरलैंड के सलामी बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग ने गुरुवार को तत्काल प्रभाव से टी-20 टीम के कप्तान पद से इस्तीफा दे दिया। 35 वर्षीय स्टर्लिंग ने आज जारी एक बयान में कहा, “इस प्रारुप में आयरलैंड की अगुवाई करना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात रही है और मुझे ऐसा करने पर बेहद गर्व महसूस हुआ है। अपने देश की कप्तानी करना एक ऐसा सौभाग्य है जिसके साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। इस भूमिका में अपने कार्यकाल के दौरान मुझे जो विश्वास और समर्थन मिला, उसके लिए मैं बहुत आभारी हूं।”
स्टर्लिंग ने दोहराया कि वह एकदिवसीय टीम के कप्तान बने रहेंगे, लेकिन उनका ध्यान अगले साल दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले विश्व कप में आयरलैंड की जगह पक्की करने पर होगा।
उन्होंने कहा, “हालांकि मैं टी-20 कप्तानी छोड़ रहा हूं, फिर भी मैं आयरलैंड टीम के प्रति पूरी तरह समर्पित हूं और एकदिवसीय कप्तान के तौर पर अपनी भूमिका निभाता रहूंगा। एक खिलाड़ी के तौर पर मुझमें अभी भी बहुत अधिक जुनून है और मुझे लगता है कि इस फैसले से मैं पूरी तरह से स्वयं का सबसे बेहतरीन रूप बनने और मैदान पर अपना सबसे मजबूत योगदान देने पर ध्यान केंद्रित कर पाऊंगा।”
उल्लेखनीय है कि स्टर्लिंग ने 48 टी-20 मैचों में आयरलैंड की कप्तानी की, जिनमें से टीम ने 20 मैच जीते और 26 हारे, जबकि दो मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। 2023 में एंडी बालबर्नी के कप्तानी छोड़ने के बाद स्टर्लिंग ने आयरलैंड के सफेद गेंद कप्तान के तौर पर अंतरिम आधार पर जिम्मेदारी संभाली थी, इसके बाद, उसी साल उन्हें इस भूमिका के लिए पूर्णकालिक तौर पर नियुक्त कर दिया गया। उन्होंने 2024 और 2026, दोनों टी-20 विश्व कप में आयरलैंड की कप्तानी की और दोनों ही मौकों पर टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई।
