विंध्या अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव: सीधी की धरा में इटली, मुंबई और तमिलनाडु के आयेंगे कलाकार

सीधी । विंध्या अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के आयोजन में सीधी की धरा में इटली, मुंबई और तमिलनाडु के कलाकार आयेंगे। वैष्णवी गार्डन सीधी में गुरूवार 29 जनवरी से शुरू हो रहे सिनेमा और संस्कृति के अनूठे संगम में देश-विदेश के कलाकार एवं अतिथियों की उपस्थिति में ऐतिहासिक आयोजन होगा।

महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और देश-विदेश से आमंत्रित फिल्मकार, कलाकार व सिनेप्रेमी सीधी पहुंचने लगे हैं। महोत्सव का उद्घाटन समारोह गुरूवार को प्रात: 11 बजे आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में प्रवेश पूरी तरह से नि:शुल्क है। उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ पत्रकार गिरिजा शंकर, कामना पाठक, संदीप श्रीधर, महोत्सव संरक्षक इंजी.आर.बी. सिंह एवं डॉ.अनूप मिश्रा और महोत्सव के सहयोगी और शहर के गणमान्य लोग विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। फिल्म महोत्सव के निर्देशक प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि महोत्सव में भाग लेने के लिए इटली, मुंबई तथा तमिलनाडु से आए फिल्म निर्माताओं का सीधी आगमन शुरू हो चुका है। अंतरराष्ट्रीय अतिथि के रूप में स्टेफानो रोसेटी इटली, मुंबई से इंद्रमोहन सिंह एवं सतीश बादल, तमिलनाडु से संपत कुमार सुब्रमणियन एवं प्रभा केए तथा भोपाल से अविनाश कुमार एवं आशीष बैठारी महोत्सव में शिरकत करेंगे। महोत्सव के सह-निर्देशक नीरज कुंदेर ने जानकारी देते हुए बताया कि फिल्म महोत्सव के दौरान सिनेमा के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और कारीगरी को भी विशेष स्थान दिया गया है। परिसर में मिट्टी और लकड़ी से बने हस्तशिल्प स्टॉल, विरासत महुआ आधारित खाद्य उत्पाद तथा अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के सौन्दर्य उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं।

विंध्या अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की विशेषता यह है कि यह एक दूरस्थ आदिवासी क्षेत्र में आयोजित होने वाला अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव है जहां सिनेमा के माध्यम से स्थानीय परम्पराओं और वैश्विक सिने-दृष्टि के बीच संवाद स्थापित किया जाता है। उद्घाटन समारोह के पश्चात फिल्म स्क्रीनिंग की शुरुआत की जाएगी। महोत्सव के दौरान फिल्म प्रदर्शन, निर्देशक-अभिनेता संवाद, पैनल चर्चाएं, संगीत जामिंग नाइट एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह महोत्सव न केवल सिनेमा को नए दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास है बल्कि सीधी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सिने-मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी है।

विंध्या अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की टीम को शुभकामनाएं: गोविन्द

फिल्म अभिनेता गोविंद नामदेव ने अपने संदेश में कहा है कि विंध्या अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की पूरी टीम को हृदय से बहुत-बहुत साधुवाद और शुभकामनाएं। यह बहुत गर्व का विषय है कि सीधी में विंध्या अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का सातवां संस्करण वैष्णवी गार्डन में आयोजित किया जा रहा है। मैं कामना करता हूं कि यह फिल्म महोत्सव नई-नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।

विंध्या अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के 7वें संस्करण में स्वागत है: डॉ.अनूप

विंध्या अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के संरक्षक डॉ.अनूप मिश्रा ने कहा है कि 29, 30 एवं 31 जनवरी को अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन होटल अक्षत रेसीडेंसी वैष्णवी गार्डन में हो रहा है। महोत्सव में देश-विदेश के फिल्ममेकर, कलाकार शिरकत करेंगे। महोत्सव में देश-विदेश की मशहूर फिल्में, ट्राईबल फिल्में एवं शार्ट फिल्में प्रदर्शित होंगी। कलाकारों का उत्साहवर्धन करने के लिये ज्यादा से ज्यादा लोग पहुंचे और फिल्मों का लुत्फ उठायें।

Next Post

सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश कौल कांचीपुरम मंदिर संप्रदाय के विवाद में मध्यस्थ नियुक्त

Wed Jan 28 , 2026
नयी दिल्ली, 28 जनवरी (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को मद्रास उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय किशन कौल को तमिलनाडु के कांचीपुरम में श्री देवराज स्वामी मंदिर में पूजा के दौरान मंत्र पाठ और प्रबंध को लेकर थेंगलई (दक्षिणी संप्रदाय) और वडगलई (उत्तरी संप्रदाय) वैष्णव समुदायों के […]

You May Like