
नरसिंहपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने फर्जी आईएएस बनकर महिला चिकित्सक से ठगी करने वाले आरोपी संजय कुमार निवासी बभनौती, जिला भदोही, उत्तर प्रदेश को वाराणसी से गिरफ्तार किया है।
मामला क्या था
10 अगस्त को नरसिंहपुर निवासी महिला डॉक्टर ने शिकायत की थी। आरोपी ने जीवनसाथी डॉट कॉम पर संपर्क कर खुद को डॉक्टर और आईएएस अधिकारी बताया। उसने कहा कि उसने एमबीबीएस, एमडी किया है और यूपीएससी से मध्यप्रदेश कैडर मिला है। वर्तमान में जिला धार में एसडीएम पद पर है और वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे संपर्क है। विश्वास जीतकर आरोपी ने सहायता करने के नाम पर महिला से लगभग 3 लाख रुपये ठग लिए।
ऐसे पकड़ा गया
एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच में खुलासा हुआ कि धार में इस नाम का कोई एसडीएम नहीं है। इसके बाद टीम ने वाराणसी में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा।
ठगी का तरीका
ए आई तकनीक से फोटो एडिट कर खुद को उच्च अधिकारियों के साथ दिखाता था। प्रशासनिक कार्यक्रमों और अधिकारियों की फोटो सोशल मीडिया पर डालकर रौब झाड़ता था। गांव और परिजनों को भी खुद को एस डी एम बताकर भ्रमित करता था। फिलहाल आरोपी से बैंक खातों, मोबाइल और सोशल मीडिया की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने और लोगों से ठगी तो नहीं की।
