वाहनों की बिक्री जुलाई-सितंबर में 18 प्रतिशत बढ़ी, दूसरी तिमाही का बना नया रिकॉर्ड

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू बाजार में वाहनों की थोक बिक्री जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान 18.2 प्रतिशत बढ़कर 83,87,938 इकाई पर पहुंच गई जो दूसरी तिमाही का नया रिकॉर्ड है। वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने बताया कि तिमाही के दौरान यात्री वाहन, वाणिज्यिक वाहन, तिपहिया और दुपहिया समेत सभी श्रेणियों में दूसरी तिमाही की अबतक की सर्वाधिक बिक्री दर्ज की गई। सियाम के गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, दूसरी तिमाही में यात्री वाहनों की बिक्री 30.7 प्रतिशत बढ़कर 13,60,687 इकाई हो गई। इसमें यात्री कारों की बिक्री 24.9 प्रतिशत और यूटीलिटी वाहनों की 34.2 प्रतिशत बढ़कर क्रमशः 3,98,631 इकाई और 9,19,068 इकाई पर रही। वैन की बिक्री 15.3 फीसदी की वृद्धि के साथ 42,988 इकाई दर्ज की गई।

वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 28.7 प्रतिशत बढ़कर 3,09,063 इकाई दर्ज की गई। इसमें 1,87,892 हल्के वाणिज्यिक वाहन और 1,21,171 मध्यम एवं भारी वाणिज्यिक वाहन बिके। इनकी बिक्री क्रमशः 23.8 प्रतिशत और 37 प्रतिशत बढ़ी।
तिमाही के दौरान तिपहिया की बिक्री में 23.6 प्रतिशत की इजाफा हुआ और यह 2,85,342 इकाई पर पहुंच गई। इसमें ई-रिक्शा और ई-कार्ट की बिक्री कम हुई है जबकि अन्य तिपहिया की बिक्री बढ़ी है। दुपहिया की बिक्री 15.2 प्रतिशत बढ़कर 64,32,842 इकाई पर पहुंच गई। स्कूटरों की बिक्री में 27.7 फीसदी का जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। दूसरी तिमाही में देश में कुल 26,61,039 स्कूटर बिके। मोटरसाकिलों की बिक्री 7.4 प्रतिशत बढ़कर 36,19,853 इकाई दर्ज की गई। इस दौरान देश में 1,51,950 मोपेड बिके जो एक साल पहले के मुकाबले 15.4 प्रतिशत अधिक है।

सरकार के पिछले साल सितंबर में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के ढांचे में बदलाव के बाद अधिकतर वाहनों पर कर में उल्लेखनीय कमी आई थी। साथ ही पिछले वित्त वर्ष से वेतनभोगियों के लिए 12 लाख रुपये तक की आमदनी को कर मुक्त करने से लोगों के पास खर्च योग्य आय में वृद्धि हुई है। इन दोनों कारकों से पिछले एक साल से देश के वाहन उद्योग में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। सियाम के आंकड़ों के अनुसार, अकेले सितंबर महीने में भी वाहनों की बिक्री में अच्छी तेजी देखी गई। यात्री वाहनों की बिक्री में 21.8 प्रतिशत बढ़कर 4,54,574 इकाई पर पहुंच गई। दुपहिया की बिक्री भी 13.5 फीसदी बढ़कर 24,63,103 इकाई पर रही। तिपहिया वाहनों की बिक्री में 16 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई और यह 98,162 इकाई पर रही।

.....

Next Post

रिलायंस ने जियो के आईपीओ के लिए तय किया मूल्य दायरा, कर्मचारियों को मिलेगा डिस्काउंट

Thu Oct 15 , 2026
मुंबई, 15 अक्टूबर (वार्ता) रिलायंस इंडस्ट्रीज की दूरसंचार इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (जेपीएल) ने 21 अक्टूबर को खुल रहे अपने प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के मूल्य का दायरा तय कर दिया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शेयर बाजार को बताया कि आईपीओ के तहत शेयर का मूल्य दायरा 1,065 रुपये से […]

You May Like

Play sound