इंदौर: मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस उल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया. इस मौके पर स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति दी और शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए. स्थापना दिवस समारोह में विभागीय योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई.मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मुख्य आतिथ्य में राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर सभागृह में आयोजित किया गया। समारोह में स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर मन मोह लिया. समारोह में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मध्यप्रदेश में हमारी सरकार के दौरान विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है.
मध्य प्रदेश के सर्वांगीण विकास में तेजी आई है. प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में सड़क, शिक्षा, सिंचाई और आधारभूत सुविधाओं में बदलाव आया है. वर्ष 2003 में प्रदेश की सिंचाई क्षमता लगभग सात लाख हेक्टेयर थी और आज सिंचाई सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है. प्रदेश में एक लाख किलोमीटर से अधिक अच्छी सड़कों का निर्माण किया गया है. बेहतर सड़क नेटवर्क के कारण विकास की गति तेज हुई है. शिक्षा के क्षेत्र में भी परिवर्तन हुआ है. आज विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अधोसंरचना, गणवेश, पुस्तकें और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं.
विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के साथ सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को भी संरक्षित और संवर्धित किया जा रहा है. उज्जैन में महाकाल लोक, ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य की प्रतिमा तथा प्रस्तावित मैहर लोक जैसे धार्मिक कार्य पर्यटन को बढ़ावा दे रहे हैं. कार्यक्रम में महापौर परिषद सदस्य नंदू पहाड़िया, पार्षद प्रशांत बडवे, कलेक्टर शिवम वर्मा, निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, अपर आयुक्त प्रखर सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे.
किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट और ई स्कूटी भेंट
स्थापना दिवस समारोह में ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व विजन-2026’ के तहफ क्विज प्रतियोगिता के लॉटरी से चयनित जिले के तीन किसान विजेताओं को पुरस्कृत किया गया. मंत्री विजयवर्गीय ने देपालपुर के किसान जितेंद्र मौर्य को ट्रैक्टर के 7 लाख 26 हजार रुपए, हातोद के किसान गोपाल सिंह चौधरी को 1 लाख 68 हजार रुपए बुलेट मोटरसाइकिल तथा ग्राम नैनोद के किसान शैलेन्द्र सिंह को 1 लाख 20 हजार रुपए की ई-स्कूटी के प्रमाण पत्र सौंपे. इसके अलावा कार्यक्रम में कृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के अथर्व साहे को एक लाख रुपए का प्रमाण पत्र वितरित किया।
