मुंबई, 15 अक्टूबर (वार्ता) रिलायंस इंडस्ट्रीज की दूरसंचार इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (जेपीएल) ने 21 अक्टूबर को खुल रहे अपने प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के मूल्य का दायरा तय कर दिया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शेयर बाजार को बताया कि आईपीओ के तहत शेयर का मूल्य दायरा 1,065 रुपये से 1,119 रुपये तय किया गया है। कर्मचारियों के लिए आरक्षित शेयरों पर 54 रुपये का डिस्काउंट मिलेगा। कम से कम 12 शेयरों के लिए और उसके बाद 12 के गुणांक में बोली लगाई जा सकेगी। अहमदाबाद स्थित रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के पास जमा कराए गए कंपनी के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) के अनुसार, आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को कारोबार की समाप्ति के साथ बंद होगा। इससे पहले 19 अक्टूबर को एंकर निवेशक बोली लगा सकेंगे।
जियो प्लेटफॉर्म्स के पात्र कर्मचारियों के लिए अधिकतम 500 करोड़ रुपये तक के शेयर आरक्षित होंगे। रिलायंस इंडस्ट्रीज के पात्र कर्मचारियों के लिए 2,500 करोड़ रुपये तक के शेयर आरक्षित रखे गए हैं। आईपीओ में 10 रुपये अंकित मूल्य के 27 करोड़ नये शेयर जारी किए जाएंगे। कंपनी को इस आईपीओ से करीब 30,000 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाने की उम्मीद है जिसका इस्तेमाल 6जी और दूसरी नयी प्रौद्योगिकियों तथा कारोबार के नये क्षेत्रों में विस्तार के लिए किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कंपनी ने उपग्रह संचार सेवा की दिशा में कदम बढ़ाने की महत्वाकांक्षी योजना बनाई है। उसे इसके लिए लाइसेंस भी मिल चुका है।

