
मंडला। जिले के बम्हनी बंजर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्राम लिमरूआ के बोरिया नाला में शव पड़े होने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। मृतक की पहचान ग्राम मुगदरा निवासी 35 वर्षीय तारेंद्र यादव के रूप में हुई है। बम्हनी बंजर थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया कि तारेंद्र यादव रविवार को ग्राम लिमरूआ में एक विवाह समारोह में शामिल होने आया था। वह रात तक शादी कार्यक्रम में मौजूद था, लेकिन सोमवार सुबह से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। परिजनों और परिचितों ने उसकी तलाश की, जिसके बाद वे गुमशुदगी दर्ज कराने बम्हनी थाने पहुंचे थे।इसी दौरान ग्राम लिमरूआ के बोरिया नाला में शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर पहचान करने पर शव तारेंद्र यादव का ही निकला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बम्हनी अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
