
मुंबई। फिल्मी गीत सरके चुनर को लेकर उठे अश्लीलता और अभद्रता के विवाद में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने इस मामले में अभिनेत्री नोरा फतेही, अभिनेता संजय दत्त सहित अन्य संबंधित लोगों को समन जारी कर जवाब तलब किया है।
आयोग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि गीत की सामग्री प्रथम दृष्टया यौन संकेत देने वाली, आपत्तिजनक और सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध प्रतीत होती है। NCW ने माना कि यह कंटेंट महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला हो सकता है और इसके कुछ अंश कानून का उल्लंघन भी करते नजर आते हैं।
आयोग ने अपने नोटिस में स्पष्ट किया है कि यह मामला भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के प्रावधानों के तहत जांच के दायरे में आता है।
NCW ने संबंधित कलाकारों और निर्माताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा है। आयोग ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
इस विवाद के बाद फिल्म इंडस्ट्री में भी बहस छिड़ गई है कि मनोरंजन के नाम पर परोसी जा रही सामग्री की सीमाएं क्या होनी चाहिए।
