
शाजापुर। मोहन बड़ोदिया क्षेत्र के नलखेड़ा रोड स्थित 200 केवीए के ट्रांसफार्मर के जल जाने से शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बिजली गुल होने और अधिकारियों की अनसुनी से नाराज लोगों ने बस स्टैंड पर चक्काजाम कर दिया। इसी दौरान केबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का काफिला भी जाम में फंस गया।
ग्रामीणों को शांत कराने मंत्री ने स्वयं हस्तक्षेप किया और बिजली कंपनी के जेई को फोन कर चेतावनी दी कि यदि बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल नहीं हुई तो कार्रवाई होगी। जेई ने तीन घंटे में नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। मंत्री करीब आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे और हल्की बारिश के बीच लोगों ने बिजली कंपनी की लापरवाही पर नाराजगी जताई।
पूर्व जनपद सदस्य मंजू शर्मा ने कहा कि यदि तीन घंटे में ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो ग्रामीण रात में फिर से धरना-प्रदर्शन करेंगे।
