मुंबई, 07 जुलाई (वार्ता) फिल्म ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ के निर्देशक चिन्मय मांडलेकर ने फिल्म के एक्शन दृश्य की शूटिंग के दौरान का अनुभव साझा करते हुए कहा कि मशहूर फिल्मकार रोहित शेट्टी का अचानक सेट पर पहुंचना पूरी टीम के लिए यादगार पल था।चिन्मय मांडलेकर ने कहा कि आग से जुड़े दृश्यों की शूटिंग के दौरान पूरी यूनिट को विशेष सतर्कता बरतनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि फिल्म के एक्शन निर्देशक शिंदे ने सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए थे, जिससे पूरा दृश्य सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से फिल्माया गया।
यह दृश्य मुंबई के हॉर्निमन सर्कल के पास फिल्माया गया, जहां भीड़-भाड़ वाले इलाके में बड़े स्तर का एक्शन सीक्वेंस शूट करना चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान रोहित शेट्टी अपनी एक फिल्म के लिए लोकेशन देखने वहां पहुंचे थे। जब उन्हें पता चला कि वहां एक एक्शन दृश्य की शूटिंग चल रही है, तो वह सीधे सेट पर आ गए। चिन्मय मांडलेकर ने कहा कि एक्शन फिल्मों के लिए प्रसिद्ध रोहित शेट्टी की मौजूदगी पूरी टीम के लिए प्रेरणादायक रही और उन्होंने सभी कलाकारों एवं तकनीशियनों को शुभकामनाएं दीं। मांडलेकर ने कहा कि इस अनुभव ने पूरी टीम का उत्साह बढ़ाया और सबसे बड़ी संतुष्टि इस बात की रही कि पूरा एक्शन दृश्य सफलतापूर्वक फिल्माया गया। उल्लेखनीय है कि ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ में निर्देशक चिन्मय मांडलेकर और अभिनेता मनोज बाजपेयी ने ‘इंस्पेक्टर ज़ेंडे’ के बाद दूसरी बार साथ काम किया है। फिल्म को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

