इंदौर: मंगलवार से कलेक्टोरेट में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की महिलाओं द्वारा निर्मित दीपावली की सजावटी सामग्री का स्टॉल शुरू किया गया. स्टॉल दीपावली त्यौहार तक लगा रहेगा. कलेक्टर ने स्वयं खरीददारी कर आम जनता से भी स्वदेशी उत्पाद खरीदने की अपील की.शहर में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने तथा महिला स्व-सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर कार्यालय में दीपावली त्यौहार के मौके पर स्वदेशी वस्तुओं का स्टॉल लगाया गया है. कलेक्टर शिवम वर्मा ने आज स्टॉल का अवलोकन करते हुए स्वयं खरीदारी कर महिलाओं का हौंसला बढ़ाया. कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं को उत्पादों के विक्रय के लिए बेहतर मंच और बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है. इससे महिलाएं अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें, यही उद्देश्य है.
दीपावली मौके पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा आकर्षक कलाकृतियां, मिट्टी के दीपक, सजावटी सामग्री तथा गोबर से निर्मित पर्यावरण अनुकूल उत्पाद तैयार किए गए हैं. कलेक्टर वर्मा ने नागरिकों से अपील की कि दीपावली पर्व पर स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित स्वदेशी एवं पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को प्राथमिकता दें. उन्होंने बताया कि आजीविका मिशन की महिलाओं द्वारा बनाये गये उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिये ढक्कन वाला कुआ स्थित ग्रामीण हाट बाजार में भी विशेष मेला आयोजित किया गया. इस मेले को नागरिकों का बेहतर प्रतिसाद मिला. मेले में कुल ढाई लाख रुपए के उत्पादों का विक्रय हुआ. आज कलेक्टर कार्यालय के स्टॉल से भी 40 हजार रुपए की सामग्री का विक्रय हुआ है
