
देवसर । नगर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमणमुक्त और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने आज बुधवार को फिर अभियान चलाया।
एसडीएम आईएएस डॉ. सुशीर श्रीकृष्णा श्रीराम के निर्देशन में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के अलावा न्यायालय मार्ग, विश्राम गृह मार्ग तथा चितरंगी-समदा मार्ग पर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया। अभियान के दौरान ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई की गई, जिन्हें पहले भी निर्धारित सीमा के भीतर अपना सामान और अस्थायी ढांचे हटाने के निर्देश दिए जा चुके थे। इसके बावजूद सड़क की सीमा में सामान रखने वालों के अस्थायी ठिकानों को अमले ने हटाया।
नालियों की सीमा में अतिक्रमण बर्दास्त नही
सड़क किनारे सब्जी का कारोबार करने वाले विके्रताओं को निर्धारित सब्जी मंडी में स्थानांतरित कराया गया। मौके पर एसडीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एनएच-39 के दोनों ओर बनी नालियों की सीमा में किसी भी तरह का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क या नाली की सीमा में दुकान, ठेला अथवा अन्य अस्थायी संरचना लगाकर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। प्रशासन ने मार्गों पर आवागमन सुचारु रखने और सार्वजनिक स्थानों के व्यवस्थित उपयोग को प्राथमिकता दी। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार प्रदीप सिंह, नायब तहसीलदार शिवनंदन सिंह, जियावन थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा, आरआई बृजेश कुमार पांडेय सहित अन्य राजस्व और पुलिस तथा ग्राम पंचायत अमला मौजूद रहा।
