
छतरपुर। छतरपुर में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। थाना भगवां क्षेत्र के ग्राम बरेठी निवासी चिनुआ अहिरवार और उनके परिवार के सदस्यों ने सोमवार (16 फरवरी 2026) दोपहर करीब 2:30 बजे एसपी कार्यालय पहुंचकर एक लिखित आवेदन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।
पीड़ितों के अनुसार 23 जनवरी 2026 को गांव के ही कुछ लोगों—राज बहादुर सिंह, देवेंद्र सिंह, यूवी राजा, भगवा राजा, गिन्नी राजा सहित करीब आठ आरोपियों—ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने उनके घर में आग भी लगा दी, जिससे घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
परिवार का कहना है कि आरोपी लगातार उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे वे दहशत में जीवन यापन कर रहे हैं। पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, उचित कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रशासन ने आवेदन लेकर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
