मुरैना: शनि पर्वत पर विश्व में एकमात्र मूत्रि रूप में विराजमान है। शनि अमावस्या के मौेके पर शनि देव के मंदिर पर जिला प्रशासन ने आज से 2 दिवसीय शनि मेले का आयोजन किया है। उच्च अधिकारियों ने सुबह मेलास्थल का निरीक्षण किया। आज शनि अमावस्या शनिवार के दिन पड़ रही है। इसलिये इसका धार्मिक महत्व और भी बढ़ गया है। शनि पर्वत पर रामायणकालीन त्रेतायुक का शनिमंदिर स्थित है।
मेले का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिये 600 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात किये गये है। अतिरिक्त पुलिस चम्बल रेंज के भिंड, श्योपुर और दतिया जिलों से मंगाई गयी है। इसके अलावा 60 लोगों की क्यूआरएफ कम्पनी भी व्यवस्था में लगी है। आने-जाने के रास्तों में भी पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की गयी है।
ग्वालियर की तरफ से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिये स्टेशन शनिचरा के पास पार्किंग की गयी है। जबकि मुरैना -बानमौर मार्ग पर रांसु तिराहे पर पार्किंग की व्यवस्था की गयी है। भारी वाहन जैसे ट्रैक्टर, ट्रॉली और ट्रक का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस प्वाइंट लगाए गए हैं, खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं, और दो ड्रोन से मेले पर निगरानी रखी जा रही है।
