चंडीगढ़, 07 जुलाई (वार्ता) पंजाब कांग्रेस प्रभारी एवं एआईसीसी महासचिव भूपेश बघेल ने 2027 विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी का चुनावी बिगुल फूंकते हुए कहा कि पंजाब में कांग्रेस ही एकमात्र मजबूत विकल्प है और राज्य की जनता बदलाव के लिए कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रही है।
सोमवार को राज्यभर के जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) अध्यक्षों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री बघेल ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने जनता के साथ किए वादे पूरे नहीं किये और पंजाब को आर्थिक संकट तथा कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति की ओर धकेल दिया है। उन्होंने दावा किया कि शिरोमणि अकाली दल और भाजपा भी जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर रहे हैं, इसलिए लोगों की निगाहें कांग्रेस पर टिकी हैं।
श्री बघेल ने कहा कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उद्देश्य और मिशन को लेकर पूरी एकजुटता है तथा सभी का लक्ष्य 2027 में कांग्रेस की सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का माहौल है। उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया और कहा कि वे पार्टी और आम जनता के बीच सेतु हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन में उनकी भूमिका और अधिकारों को और मजबूत किया जाएगा।
श्री बघेल ने अपने पांच दिवसीय पंजाब दौरे की शुरुआत सोमवार से की। इस दौरान वह वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे तथा आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे।
इसी दौरान सुखविंदर सिंह डैनी और डॉ राज कुमार वेरका ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला, जबकि शुभम देवगन ने पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। बैठक में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, संगठन महासचिव कैप्टन संदीप संधू, सुखपाल सिंह खैरा, विजय इंदर सिंगला, डॉ अमर सिंह, राणा के पी सिंह, कुलजीत नागरा, हरदयाल कंबोज सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने श्री बघेल को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस संगठन 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और पार्टी बड़ी जीत दर्ज करेगी।

