ग्वालियर:जिले के तिघरा थाना क्षेत्र के गुर्जा गांव में अपने दो दर्जन से अधिक साथियों के साथ डकैत योगेंद्र गुर्जर उर्फ योगी ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर गर्भवती अंजू गुर्जर का अपहरण कर लिया था. हालांकि, ग्वालियर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बानमौर के जंगल स्थित लंका पहाड़ से अंजू को सकुशल बरामद कर लिया. अब डकैत योगी की तलाश में ग्वालियर पुलिस ने चंबल के बीहड़ों में विशेष सर्च अभियान चला रखा है. इसमें ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव, एएसपी विदिता डागर और एएसपी अनु बेनीवाल सहित तिघरा, पुरानी छावनी और बानमौर थानों की टीमें शामिल हैं.
बीते सप्ताह अंजू का अपहरण हुआ था. पुलिस की तत्परता से उसे बचाया गया और उसने अस्पताल में स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया. जानकारी के अनुसार, पहले अंजू की सगाई डकैत योगेंद्र गुर्जर से हुई थी. लेकिन जब अंजू के परिजनों को उसके अपराधों की जानकारी मिली, तो उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया और 2024 में तिघरा के गिर्राज गुर्जर से उसकी शादी कर दी. इस बात से नाराज़ योगी ने बदला लेने के लिए शादीशुदा अंजू का अपहरण कर लिया था.
डकैत योगी गुर्जर का आतंक न केवल मध्य प्रदेश के चंबल इलाके में बल्कि राजस्थान तक फैला हुआ है. मुरैना, श्योपुर और राजस्थान पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है. फिलहाल अंजू और उसके परिवार को पुलिस सुरक्षा दी गई है. ग्वालियर पुलिस का दावा है कि जल्द ही इनामी डकैत और उसकी गैंग को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
