
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटी इन पीएम-मित्रा पार्क को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश पूंजी निवेश के लिए देश का मॉडल स्टेट बन रहा है। उन्होंने निवेशकों को आश्वस्त किया कि निवेश आपका, व्यवसाय आपका, लाभ आपका और सफलता की गारंटी सरकार की होगी। शीघ्र ही धार में पीएम-मित्रा पार्क का भूमि-पूजन होगा, जो भारत को विश्व की टेक्सटाइल केपिटल बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है।
इंटरैक्टिव सेशन में 15 कंपनियों ने 12,508 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए, जिनसे 18 हजार से अधिक रोजगार सृजित होंगे। ट्राइडेंट (4500 करोड़), ए.बी. कॉटस्पिन (1300 करोड़), अरविंद मिल्स (1024 करोड़), सनातन टेक्सटाइल्स (1000 करोड़) और अन्य कंपनियां प्रमुख निवेशकों में शामिल हैं।
केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि धार का पीएम-मित्रा पार्क केवल औद्योगिक परियोजना नहीं बल्कि वस्त्र उद्योग की दशकों पुरानी मांग का समाधान है। यह देश का सबसे बड़ा एकीकृत टेक्सटाइल हब बनेगा और भारत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में नई बढ़त देगा।
केंद्रीय सचिव नीलम शमी राव ने बताया कि 2,158 एकड़ में विकसित होने वाला यह पार्क सबसे लागत-प्रभावी और आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। वहीं, प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह ने कहा कि यह पार्क मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के टेक्सटाइल सेक्टर के लिए गेमचेंजर साबित होगा। लगभग दो लाख रोजगार और 10 हजार करोड़ से अधिक निवेश की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 5F विजन को साकार करने की दिशा में यह पार्क रोजगार, निर्यात और औद्योगिक विकास का मजबूत आधार बनेगा।
