इंदौर: एरोड्रम इलाके के भाटिया पेट्रोल पंप पर जोरदार बवाल हो गया. यहां पंप कर्मियों और एक महिला कर्मचारी के भाइयों के बीच जमकर लात-घूंसे और डंडे चले. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई.विवाद के बाद एक पक्ष से फरियादी अभिषेक अहिरवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है, उसका आरोप है कि वह अपने भाई दयाराम के साथ बाइक में पेट्रोल भरवाने आया था.
इसी दौरान उसने पंप मैनेजर राम चौधरी से पूछा कि उसकी बहन रोशनी काम पर आई है या नहीं. इस पर राम चौधरी ने बहन को गालियां देना शुरू कर दिया. विरोध करने पर राम चौधरी ने कर्मचारियों अश्विन द्विवेदी और प्रेम ठाकुर के साथ मिलकर दोनों भाइयों पर हमला कर दिया. आरोप है कि राम चौधरी ने दयाराम पर डंडा बरसाया और प्रेम ठाकुर ने अभिषेक को पिंडली में मारा, जिससे दोनों को चोटें आईं. मारपीट के बाद धमकी दी गई कि दोबारा पंप पर दिखे तो जान से खत्म कर देंगे.
दूसरी ओर, पंपकर्मी प्रेम ठाकुर ने भी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है. उसने बताया कि मैनेजर राम चौधरी ने रोशनी को दो दिन पहले नौकरी से निकाल दिया था. इसी बात को लेकर उसके भाई अभिषेक और दयाराम पंप पर पहुंचे और मैनेजर को गालियां देने लगे. जब उसने विरोध किया तो दोनों भाइयों ने उस पर हमला कर दिया और मैनेजर को भी धमकाया कि बहन को नौकरी से निकाला है, अब जान से मार देंगे. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मारपीट और धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
