
रीवा। रीवा और सतना जिले की सीमा पर स्थित वेकेशन वैली वाटर पार्क में एक रेस्टोरेंट संचालक और उनके परिवार के साथ सिक्योरिटी गार्ड्स द्वारा मारपीट की गई है. शिकायत लेकर रामपुर बघेलान थाना पहुंचे, जहा कोई सुनवाई नही हुई. लिहाजा पीडि़त परिवार शनिवार को डीआईजी राजेश सिंह चंदेल के पास पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की है. डीआईजी ने मामला एसपी के पास जांच के लिये भेजा है और पीडि़त परिवार को कार्यवाही का भरोसा दिलाया है.
रेस्टोरेंट संचालक परिणय चौधरी और उनकी रिश्तेदार सुगंधा श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को भतीजे का जन्मदिन मनाने के लिए वे बेला स्थित वाटर पार्क गए थे. सभी ने एंट्री फीस देकर प्रवेश किया और नहाने से पहले सामान सुरक्षित स्थान पर रख दिया. जब कुछ देर बाद सामान देखने पहुंचे तो सारा सामान- जरूरी कागजात, मोबाइल, पैसे भीगे हुए मिले. परिणय चौधरी की पत्नी ने जब वाटर पार्क प्रबंधन से शिकायत की, तो कहासुनी हो गई. उसी दौरान ब्लैक टी-शर्ट पहने सिक्योरिटी गार्ड्स ने डंडों से हमला कर दिया. गार्ड्स ने महिलाओं और मासूम बच्चों तक को नहीं छोड़ा. सबको लाठी-डंडों से पीटा गया. जैसे-तैसे जान बचाकर भागे तो गेट पर दोबारा अभद्रता की गई. परिवार जब रामपुर बघेलान थाने पहुंचा तो वहां मौजूद सहायक उप निरीक्षक ने कहा कि थाना प्रभारी मौजूद नहीं हैं, एफआईआर नहीं लिख सकते. इसके बाद परिजन शनिवार को दोपहर में रेस्टोरेंट संचालक की बहू, बच्चे, महिलाएं सभी डीआईजी ऑफिस पहुंचे और आपबीती सुनाई. जब इस मामले में वाटर पार्क प्रबंधन से संपर्क किया गया, तो उन्होंने मारपीट के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया और उन्हें निराधार बताया. वही डीआईजी राजेश सिंह चंदेल ने कहा कि शिकायत मिली है, मामले की जांच करवाई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.
