निशिन, (जापान) 25 सितंबर (वार्ता) हाफीज खान (33) और बाबर हयाज ( 23) की शानदार पारियों के बाद आयुष शुक्ला (तीन विकेट) और मोहम्मद गजनफर (दो विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत हॉगकांग ने शुक्रवार को एशियाई खेलों की क्रिकेट प्रतियोगिता के ग्रुप बी मुकाबले में ओमान को 41 रनों से हरा दिया।
122 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान के बल्लेबाज हॉगकांग के गेंदबाजी आक्रमण के आगे खुल कर नहीं खेल सके और उनकी टीम निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 80 रन ही बना सकी और मुकाबला 41 रनों से हार गई। ओमान के लिए कप्तान सुफ़ियान महमूद ने सर्वाधिक (नाबाद 26) रन बनाये। शुऐब अल बलूशी ने (20) और अब्दुल जलील ने (नाबाद 15) रन बनाये। ओमान के पांच बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
इससे पहले आज यहां हॉगकांग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 121 रनों का स्कोर बनाया। हॉगकांग की ओर से हाफीज खान ने 37 गेंदों में तीन चौकों की मदद से सर्वाधिक (33) रन बनाये। और बाबर हयाज ने 25 गेंदों में ( 23), शिव माथुर ने (12), एहसान खान ने (16) तथा कप्तान यासिम मुर्तजा ने (नाबाद 18) रनों का योगदान दिया। ओमान की ओर से मोहम्मद अल बलूशी ने तीन विकेट लिये। सुफ़ियान महमूद, शुऐब अल बलूशी, नवीद अल बलूशी और समीर ओथमान ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
