
छतरपुर। बलराम स्वीट्स में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पन्ना नाके पर स्थित इस प्रसिद्ध मिठाई दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान धू-धू कर जलने लगी।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का मिठाई, सामान और फर्नीचर कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गया। आग के साथ उठता घना काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने में नगरपालिका के टैंकरों की भी मदद ली गई। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, लेकिन तब तक दुकान को भारी नुकसान हो चुका था।
दुकान मालिक किसनचंद्र अग्रवाल के परिवार के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि सामान बचाने का कोई मौका नहीं मिला। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारण मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और दमकल विभाग जांच में जुटे हुए हैं।
यह घटना शहर के एक व्यस्त इलाके में हुई, जहां आसपास कई दुकानें और रिहायशी क्षेत्र मौजूद हैं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा हुआ है। प्रशासन ने प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
