बोर्ड ऑफिस चौराहा, खतरे का टर्निंग पॉइंट: प्रगति चौराहे के मार्ग में बाधक बन रहे ऑटो और ई-रिक्शा

भोपाल। प्रगति चौराहे की तरफ जाने वाले मार्ग पर आटो और ई-रिक्शा चालकों की बोर्ड आफिस चौराहे पर मनमानी हर रोज चल रही है. इसी मार्ग के टर्निंग प्वाइंट पर भी यह चालक अपने वाहनों के साथ खड़े होते हैं, जिससे आवागमन करने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों को समस्याओं का सामना करना पड़ रह है. इस प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी नदारद होते हैं, जिससे आटो और ई-रिक्शा चालक अपनी मनमानी करते नजर आते हैं. रानी कमलापति और मिसरोद की तरफ जाने वाली मिनी बसें भी इस प्वाइंट पर सवारियां भरने और उतारने के लिए रूकती है. इसके चलते इस स्थान पर जहां आवागमन में समस्या हर रोज बन रही है, वहीं हादसे की आशंका भी बनी होती है.

बोर्ड आफिस चौराहे पर आटो स्टैंड के लिए बना यह प्वाइंट सड़क पर चलने वाले राहगीरों के लिए मुसीबत बना है. चौराहे पर आटो और ई-रिक्शा चालक सवारियां भरने के लिए सड़कों पर आए दिन जाम की स्थिति पैदा कर रहे हैं. खास तौर पर शाम के समय सवारी भरने वाले यह छोटे वाहन आधी से ज्यादा सड़कों पर कब्जा बनाकर रखते हैं. इससे जहां सड़क दुर्घटनाएं होने की आशंका बढ़ जाती है, वहीं ट्रैफिक जाम की समस्या हर रोज पैदा हो रही है. इसी मार्ग के टर्निंग प्वाइंट पर यह वाहन चालक कतार से अपने वाहनों को खड़े रखते हुए सवारियां भरने की होड़ में नजर आते हैं. देर शाम को पीक आवर्स में लोग निकलते हैं, तो उन्हें लंबे जाम की समस्या का सामना हर रोज करना पड़ रहा है. नवभारत इस समस्या को लगातार प्रमुखता से उठाता आ रहा है.

चौराहे के इस प्वाइंट से कोलार, 12 नंबर, न्यूमार्केट, माता मंदिर, बिट्ठल मार्केट जाने वाले सवारी आटो चालक सवारियां भरने के लिए मेन सड़क पर अपने वाहनों को देर तक खड़े रखते हुए ओवरलोडिंग करते नजर आते हैं. ट्रैफिक पुलिसकर्मी के मौके पर नहीं होने के चलते इन सवारी वाहनों के चालकों के हौंसले भी बढ़े हैं और वह अपने मनमुताबिक जाम के हालात पैदा करते हैं.

Next Post

तलैया और टीलाजमालपुरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चाकूबाज अमन नेपाली पकड़ा गया 

Wed Mar 18 , 2026
भोपाल। शहर में दो प्राणघातक घटनाओं के 30 हजार के ईनामी आरोपी चाकूबाज अमन नेपाली को उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में उपयोग की गई एक लोहे की छुरी जब्त की है. जानकारी के मुताबिक 19 जनवरी फरियादिया नगमा खान […]

You May Like