
उज्जैन। मादक पदार्थ को लेकर चलाए जा रहे अभियान में बुधवार गुरुवार रात को पुलिस ने एक महिला और तीन युवकों को ढाई लाख कीमत की एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। जिनके पास से एक बाइक भी जब्त की गई है।
पंवासा पुलिस को रात में सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला और पुरुष नारंगी रंग की पल्सर बाइक से गरोठ ब्रिज के नीचे से गरोठ बायपास की ओर मादक पदार्थ बेचने की फिराक में आने वाले हैं। सूचना पर थाना प्रभारी गमर सिंह मंडलोई ने टीम के साथ मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। इस दौरान मौके पर एक महिला एवं पुरुष संदिग्ध अवस्था में पाए गए, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। जिन्हें पुलिस द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में नाम जावेद उर्फ खन्ना पिता एजाज अली, निवासी पीड़ावा जिला झालावाड़ (राजस्थान) और अलीशा उर्फ शमीम खान पति फिरोज खान निवासी नानाखेड़ा उज्जैन सामने आये। दोनों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 55 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद किया गया। दोनो ने बताया कि मादक पदार्थ ऋतिक पिता युवराज सौदे 25 वर्ष, निवासी ए ब्लॉक पंवासा और आदर्श पिता रवीन्द्र सिंह भदौरिया 30 वर्ष निवासी गांधी नगर, आगर रोड उज्जैन से बेचने के लिए लेकर आए हैं। पुलिस ने मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वालों की जानकारी सामने आने पर उनकी तलाश में दबिश दी और उन्हें भी रात में ही गिरफ्तार कर लिया। 55 ग्राम मादक पदार्थ की कीमत ढाई लाख रुपये और आरोपियों से बरामद बाइक की कीमत 1 लाख रुपये है।
