ग्वालियर: ग्वालियर से इंदौर जा रही स्लीपर वीडियोकोच बस में आज आधी रात के करीब आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर भीषण आग लग गई। चलती बस से आग की ऊंची लपटें उठती देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे। सभी को सुरक्षित बचा लिया गया है।बस रात 10 बजे ग्वालियर से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। पनिहार थाना पुलिस के अनुसार स्लीपर वीडियोकोच बस ग्वालियर से इंदौर जा रही थी।
आधी रात के करीब बस जैसे ही पनिहार रेलवे स्टेशन के पास हाईवे पर पहुंची, तभी अचानक उसके इंजन और पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग की तेज लपटें उठने लगीं। बस के भीतर धुआं भरते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्राइवर और क्लीनर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे मुख्य दरवाजे पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर छलांग लगा दी। राहगीरों और बस स्टाफ की मदद से कुछ ही मिनटों में सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
