पड़ोसियों ने लांघी मर्यादा की सीमाएं, महिला से दुष्कर्म और दो मासूमों से दरिंदगी

खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में पिछले 48 घंटों के भीतर महिला और बच्चों की सुरक्षा को तार-तार करने वाली तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। इन तीनों ही मामलों में सबसे चौंकाने वाला और डरावना पहलू यह है कि रक्षक बनने का ढोंग करने वाले पड़ोसी ही दरिंदे निकले। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।पहली घटना मूंदी थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण इलाके की है, जहाँ 26 मार्च को एक 35 वर्षीय महिला अपने खेत में कृषि कार्य कर रही थी।

इसी दौरान गांव के ही सुरेंद्र पिता दगड़ूसिंह ने सूनेपन का फायदा उठाकर महिला के साथ जबरदस्ती की और जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वहीं, मूंदी क्षेत्र में ही एक अन्य घटना में 25 मार्च को घर के बाहर खेल रही 12 वर्षीय बालिका को पड़ोस में रहने वाले अशोक पिता रघुनाथसिंह ने अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं।
तीसरी और सबसे वीभत्स घटना धनगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बावडिया से आई है, जहाँ 26 मार्च को रामपाल पिता शिवराम भील नामक व्यक्ति ने महज 7 साल की बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया। वहां आरोपी ने बच्ची के साथ अश्लील कृत्य और छेड़छाड़ की। इन तीनों ही मामलों में पीड़ित पक्षों ने साहस दिखाते हुए पुलिस की शरण ली, जिसके बाद पुलिस ने दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट जैसी गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इन मामलों में साक्ष्यों को मजबूती से पेश कर आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Next Post

ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, 3.30 लाख का माल जब्त

Sat Mar 28 , 2026
इंदौर: अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राऊ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर ड्रग पेडलरों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 27 ग्राम ब्राउन शुगर कीमत करीब 2.70 लाख रुपए और एक मोटरसाइकिल जब्त की है.डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी ने बताया […]

You May Like