शिलांग, 28 जून (वार्ता) मेघालय क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने राज्य की अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम के कोच और मैनेजर पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया है। मेघालय राज्य महिला आयोग ने उन्हें टीम की महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न का दोषी पाया था। एमसीए के अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य जेम्स संगमा ने रविवार को यूनीवार्ता को बताया कि पूर्व हेड कोच हेमंत रॉय और पूर्व असिस्टेंट मैनेजर संजय मंडल को 27 जून से मेघालय में किसी भी तरह की क्रिकेट गतिविधियों से आजीवन निलंबित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन ने अपने मानद सचिव रेनॉल्ड खारकमनी को भी निलंबित कर दिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम की ओर से की गई यौन उत्पीड़न की शिकायतों पर समय रहते और उचित कदम नहीं उठाए। ये शिकायतें 2 और 3 दिसंबर, 2025 को तब की गई थीं, जब टीम एक टूर्नामेंट के लिए त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में थी।

