
छतरपुर। छतरपुर जिले के नौगांव क्षेत्र के बिलहरी सुनकर मोहल्ले में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। पटाखों का बारूद फटने से छह बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल गया।
जानकारी के अनुसार, दीपावली के बाद बचे पटाखों के बारूद को बच्चों ने प्लास्टिक के डिब्बों में इकट्ठा कर रखा था। खेलते समय किसी कारणवश बारूद में विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों को झुलसा हुआ पाया। सभी घायलों को तुरंत नौगांव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चार बच्चों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया, जबकि दो का इलाज नौगांव में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम गोपाल शरण पटेल और एसडीओपी अमित मेश्राम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हादसा पटाखों के बारूद से छेड़छाड़ के कारण हुआ।
चिकित्सकों के अनुसार, सभी बच्चों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को पटाखों और विस्फोटक सामग्री से दूर रखें।
घायल बच्चे: अंश (8), अंशु (13), सागर सोनकर (13), सागर (12), कार्तिक कुशवाहा (16) और सागर (12) सभी निवासी बिलहरी, नौगांव।
