
ग्वालियर। जिले के बिजौली थाना क्षेत्र के श्यावरी गांव के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निर्माणाधीन सड़क पर गिट्टी फैला रही हाइड्रा मशीन की चपेट में आने से बाइक सवार जेठ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी उसकी बहू गंभीर रूप से घायल हो गई थी जिसे हॉस्पिटल ले जाया गया वहां डॉक्टरों ने बहू को भी मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और निर्माण कंपनी के तीन वाहनों में आग लगा दी।
जानकारी के अनुसार सातलपुर निवासी बिजेंद्र जाटव 37 बर्ष अपनी छोटे भाई की पत्नी चमेली 30 बर्ष के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर श्यावरी गांव के पास सड़क निर्माण का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान हाइड्रा मशीन चालक बिना देखे वाहन को बैक करने लगा। तेज रफ्तार में आ रही बाइक अचानक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चमेली उछलकर दूर जा गिरी।
सूचना मिलते ही बिजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल बिरला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सुरक्षा में लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने निर्माण कंपनी पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल पर न तो डायवर्जन बोर्ड और चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे, न ही रेडियम या बैरिकेडिंग की व्यवस्था थी। यातायात नियंत्रित करने के लिए कोई कर्मचारी भी तैनात नहीं था।
तीन वाहन फूंके, दो घंटे लगा रहा जाम
गुस्साए लोगों ने मौके पर खड़ी हाइड्रा मशीन, एक डंपर और एक ट्रॉले में आग लगा दी। तीनों वाहन धू-धू कर जल उठे। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों शवों को गणेशपुरा-अमायन मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना पर बेहट एसडीओपी मनीष यादव, तहसीलदार और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी और उचित मुआवजा व निर्माण कंपनी के जिम्मेदारों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका।
इनका कहना है…
बाईक टकराने से दोनों की मौत हो गई है मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है और निर्माण कंपनी की लापरवाही की भी जांच की जाएगी।
मनीष यादव
एसडीओपी – बेंहट
